रेशम क्रांति की दिशा में बड़ा कदम: विकासनगर में बनेगा आधुनिक चाकी केन्द्र, नैनीताल में स्थापित होगा सिल्क पार्क

ब्रेकिंग हाई वोल्टेज न्यूज संपादक रेणु सेमवाल _______रेशम क्रांति की दिशा में बड़ा कदम: विकासनगर में बनेगा आधुनिक चाकी केन्द्र, नैनीताल में स्थापित होगा सिल्क पार्क

देहरादून______22 अप्रैल।प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रेशम उत्पादन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज अपने कैम्प कार्यालय में रेशम विभाग की योजनाओं एवं कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 की योजनाओं का खाका प्रस्तुत किया गया।समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि आधुनिक चाकी केन्द्रों की स्थापना हेतु 2.0 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। इसके अंतर्गत देहरादून जनपद के विकासनगर में अत्याधुनिक चाकी केन्द्र स्थापित किया जाएगा, जिससे रेशम उत्पादन से जुड़े किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले चाकीकृत कीट उपलब्ध कराए जा सकेंगे और उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।कृषि मंत्री ने निर्देश दिए कि ऐसे आधुनिक केन्द्रों का विस्तार प्रदेश के अन्य जनपदों में भी किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को इसका लाभ मिल सके और रेशम उद्योग को व्यापक स्तर पर मजबूती मिले।बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि आगामी सिल्क समग्र-3 योजना के तहत प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में लगभग 100 बड़े किसानों का चयन कर रेशम उत्पादन को बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे किसानों की आय में वृद्धि के नए अवसर सृजित होंगे।मंत्री गणेश जोशी ने गढ़वाल मंडल के देहरादून में स्थापित सिल्क पार्क की तर्ज पर कुमाऊँ मंडल के नैनीताल में भी सिल्क पार्क स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नैनीताल जनपद में उपयुक्त स्थल का चयन कर शीघ्र प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।बैठक में निदेशक प्रदीप कुमार, सहायक निदेशक (रेशम) विनोद तिवारी सहित विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *