
डाट काली मंदिर में प्रधानमंत्री की प्रस्तावित पूजा को लेकर हाई अलर्ट, 36 घंटे दर्शन रहेंगे बंद
देहरादून______12 अप्रैल 2026।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित देहरादून दौरे के मद्देनज़र शहर की सीमा पर स्थित प्रसिद्ध मां डाट काली मंदिर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर हाई अलर्ट घोषित किया गया है। वीवीआईपी मूवमेंट को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर को पूरी तरह सुरक्षा एजेंसियों के नियंत्रण में लिया जाएगा।
मंदिर समिति एवं प्रशासन के बीच आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में यह निर्णय लिया गया कि 12 अप्रैल की शाम से 14 अप्रैल को दोपहर 2 बजे तक (लगभग 36 घंटे) आम श्रद्धालुओं के लिए मंदिर के कपाट बंद रहेंगे। इस अवधि में किसी भी प्रकार की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी तथा पूरे क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखी जाएगी।
कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री 14 अप्रैल को मां डाट काली के दरबार में पहुंचकर 5 से 10 मिनट की विशेष पूजा-अर्चना करेंगे। इसके पश्चात वे दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे से संबंधित कार्यक्रम में भाग लेंगे।
मंदिर प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय पूर्णतः सुरक्षा कारणों से लिया गया है। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित समय का पालन करें तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों में सहयोग करें।
बैठक में मंदिर समिति के पदाधिकारी, आचार्यगण एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने व्यवस्थाओं को सुचारू एवं सुरक्षित बनाए रखने हेतु आवश्यक जिम्मेदारियां निर्धारित कीं।
