प्रधानमंत्री के संभावित दौरे से ठीक पहले देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा हादसा

देहरादून_______12 अप्रैल 2026
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे से ठीक पहले देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस-वे पर एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जिसने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सहारनपुर जनपद के बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र स्थित मोहंड पुलिस चौकी अंतर्गत डाट काली मंदिर के पास तेज रफ्तार वाहनों की आपसी टक्कर से अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक वाहन द्वारा अचानक ब्रेक लगाने के बाद पीछे आ रहे वाहनों की रफ्तार अधिक होने के कारण एक के बाद एक कुल पांच गाड़ियां आपस में टकरा गईं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सभी वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक्सप्रेस-वे पर लंबा जाम लग गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिहारीगढ़ पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी एवं राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे और तुरंत कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने यातायात को नियंत्रित करते हुए जाम खुलवाया, जिसके बाद स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो सकी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे का मुख्य कारण तेज रफ्तार और अचानक ब्रेक लगाना रहा। फिलहाल इस दुर्घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि कुछ लोगों के हल्के रूप से घायल होने की सूचना है, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए पहले से ही क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई थी। ऐसे में इस हादसे ने यातायात नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन को लेकर प्रशासन के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। पुलिस द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *