मां सावित्री देवी पंचतत्व में विलीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई

हरिद्वार।🙏🙏🙏 उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता श्रीमती सावित्री देवी शनिवार को हरिद्वार के चंडी घाट स्थित श्मशान घाट पर पंचतत्व में विलीन हो गईं।

मां को अंतिम विदाई देते समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भावुक हो उठे। उन्होंने पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और अंतिम परिक्रमा कर मां को नमन किया। इस दौरान उनकी आंखें नम हो गईं। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर को कंधा भी दिया। अंतिम संस्कार उनके छोटे पुत्र शैलेंद्र और महेंद्र ने मुखाग्नि देकर संपन्न कराया।
सावित्री देवी की अंतिम यात्रा शनिवार सुबह 8:50 बजे उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल स्थित उनके पैतृक गांव पंचूर से शुरू हुई। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, रिश्तेदारों और जनप्रतिनिधियों ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
करीब 11:40 बजे पार्थिव शरीर हरिद्वार के चंडी घाट पहुंचा, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार की प्रक्रिया संपन्न हुई। यात्रा के दौरान लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग पर जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर उन्हें अंतिम विदाई दी। पूरे मार्ग में भगवद्गीता का पाठ भी चलता रहा।
परिवार की परंपरा के अनुसार सावित्री देवी का अंतिम संस्कार हरिद्वार में किया गया। पंचूर गांव में परिवार अपने दिवंगत परिजनों का अंतिम संस्कार हरिद्वार में करता रहा है। इसी परंपरा के अनुरूप उनके पार्थिव शरीर को हरिद्वार लाया गया। अंतिम संस्कार में संत समाज, सामाजिक संगठनों और राजनीतिक क्षेत्र की अनेक प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं। 13 अखाड़ों के आचार्य एवं श्रीमहंतों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। योग गुरु स्वामी रामदेव संतों के साथ उपस्थित रहे। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों सहित उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने भी अंतिम दर्शन कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।
भाजपा नेता बांसुरी स्वराज भी श्रद्धांजलि देने पहुंचीं। बड़ी संख्या में लोगों और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा कि मां का स्नेह, ममता और आशीर्वाद मनुष्य के जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। उनका निधन परिवार के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने भी सावित्री देवी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति की कामना की।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माताजी श्रीमती सावित्री देवी के निधन को अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक बताया। उन्होंने कहा कि सावित्री देवी ने अपने संस्कारों से ऐसे पुत्र को प्रेरित किया, जिसने सनातन परंपरा और राष्ट्रसेवा के लिए अपना जीवन समर्पित किया। इस दुःख की घड़ी में पार्टी कार्यकर्ता और प्रदेशवासी शोकाकुल परिवार के साथ खड़े हैं। उन्होंने परमपिता परमेश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त परिजनों को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।