51 मिनट तक युवाओं से सीधा संवाद: देहरादून में राहुल गांधी ने पेपर लीक के मुद्दे को बनाया केंद्र, छात्रों की आवाज को दी नई धार


51 मिनट तक युवाओं से सीधा संवाद: देहरादून में राहुल गांधी ने पेपर लीक के मुद्दे को बनाया केंद्र, छात्रों की आवाज को दी नई धार

देहरादून________ नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में करीब 51 मिनट तक छात्रों और युवाओं से सीधा संवाद किया। पूरे कार्यक्रम में उन्होंने किसी राजनीतिक भाषण के बजाय देश की परीक्षा प्रणाली, पेपर लीक और बेरोजगार युवाओं की समस्याओं पर खुलकर चर्चा की।
राहुल गांधी ने कहा कि देश के लाखों छात्र वर्षों तक कठिन मेहनत करते हैं, लेकिन एक पेपर लीक उनकी उम्मीदों और सपनों को तोड़ देता है। उन्होंने आरोप लगाया कि देश में पेपर लीक की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और इससे छात्रों के साथ-साथ उनके परिवारों का भविष्य भी प्रभावित हो रहा है।
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने मंच पर मौजूद छात्रों और अभिभावकों की पीड़ा को सभी के सामने रखा। उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल एक परीक्षा का सवाल नहीं, बल्कि युवाओं की मेहनत, उनके आत्मसम्मान और उनके परिवारों के संघर्ष का भी अपमान है। उन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, जवाबदेही और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया।
पूरे आयोजन में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मंच से दूर रहे और राहुल गांधी ने अकेले ही युवाओं के साथ संवाद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की समस्याओं को सुनना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाना बताया गया।
बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं की मौजूदगी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। लगभग 51 मिनट तक चले इस संवाद में राहुल गांधी ने युवाओं के सवाल सुने, उनके अनुभव साझा कराए और परीक्षा प्रणाली में सुधार की जरूरत पर विस्तार से अपने विचार रखे।
यह कार्यक्रम मुख्य रूप से पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को केंद्र में रखकर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्र, अभिभावक और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।