पेपर लीक का ‘मेन्यू कार्ड’ बंद करो, युवाओं का भविष्य बचाओ”
देहरादून में राहुल गांधी का सरकार पर तीखा हमला, रिया थापा के पिता मंच पर हुए भावुक

देहरादून_________18 जुलाई। नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने देहरादून के बन्नू स्कूल में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में देशभर में बढ़ते पेपर लीक मामलों को लेकर केंद्र और राज्य सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में पेपर लीक का सिस्टम किसी रेस्टोरेंट के मेन्यू कार्ड जैसा बन गया है, जहां हर परीक्षा का रेट तय है। पैसा दो और पेपर हासिल कर लो।राहुल गांधी ने कहा कि परीक्षाओं का आयोजन सरकार की जिम्मेदारी है, इसे निजी कंपनियों के भरोसे नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक माफिया मेहनती और ईमानदार छात्रों के सपनों को कुचल रहे हैं, जबकि लाखों परिवार अपने बच्चों की तैयारी पर वर्षों की मेहनत और बड़ी रकम खर्च करते हैं।कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया जब नीट पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाली छात्रा रिया थापा के पिता राजेश गुरुंग मंच पर अपनी बेटी को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने बताया कि रिया ने परीक्षा के बाद कहा था कि उसका पेपर बहुत अच्छा हुआ है, लेकिन पेपर लीक की खबर मिलने के बाद वह पूरी तरह टूट गई और अंततः उसने अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। उन्होंने अपनी बेटी के लिए न्याय की मांग करते हुए कहा कि उन्हें राहुल गांधी से न्याय की उम्मीद है।राहुल गांधी ने कहा कि देश में युवाओं के रोजगार के अधिकांश रास्ते बंद हो चुके हैं और सरकारी नौकरियों में भी पारदर्शिता की जगह पेपर लीक ने ले ली है। उन्होंने छात्र-केंद्रित, सुरक्षित और पारदर्शी परीक्षा प्रणाली, शिक्षा संस्थानों की राजनीतिक हस्तक्षेप से स्वतंत्रता तथा पेपर लीक के दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक से प्रभावित छात्रों को उचित मुआवजा मिलना चाहिए।कार्यक्रम में उत्तराखंड, बिहार सहित विभिन्न राज्यों के अभ्यर्थियों ने भी मंच पर आकर अपने अनुभव साझा किए और लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं के भविष्य पर पड़ रहे दुष्प्रभावों को सामने रखा। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति ने कार्यक्रम को उत्साहपूर्ण बना दिया।
