घरेलू गैस के बढ़ते दाम और बेतहाशा महंगाई ने जनता के माथे पर खींची चिंता की लकीरें : महेश जोशी

घरेलू गैस के बढ़ते दाम और बेतहाशा महंगाई ने जनता के माथे पर खींची चिंता की लकीरें : महेश जोशी

देहरादून।_________ प्रदेश कांग्रेस के पूर्व सचिव महेश जोशी ने घरेलू गैस सिलेंडर के दामों में एक बार फिर हुई ₹29 की बढ़ोतरी को आम जनता, विशेषकर महिलाओं की रसोई पर सीधा हमला बताया है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम आदमी का जीवन कठिन बना दिया है और हर परिवार का घरेलू बजट पूरी तरह से बिगड़ चुका है।महेश जोशी ने कहा कि खाद्य पदार्थों, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से जनता त्राहि-त्राहि कर रही है। महंगाई का बोझ लगातार बढ़ता जा रहा है, जबकि केंद्र सरकार इस गंभीर समस्या पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्ष 2014 में बड़े-बड़े वादों और सपनों के सहारे सत्ता में आई भाजपा सरकार के शासनकाल में महंगाई अपने चरम पर पहुंच गई है और आम जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है।उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस के बढ़ते दामों का असर सीधे तौर पर रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं पर पड़ता है, जिससे हर वर्ग प्रभावित हो रहा है। गरीब, मजदूर, किसान, मध्यम वर्ग और नौकरीपेशा लोग सभी महंगाई की मार झेल रहे हैं। इसके बावजूद सरकार जनता की परेशानियों के प्रति संवेदनशील नजर नहीं आ रही है।महेश जोशी ने कहा कि बढ़ती महंगाई के खिलाफ कांग्रेस पार्टी लगातार सड़क से सदन तक संघर्ष कर रही है और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठा रही है। लेकिन केंद्र सरकार कुंभकर्णी नींद में सोई हुई है और जनता की आवाज सुनने को तैयार नहीं है।उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार ने महंगाई पर अंकुश लगाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो जनता आने वाले समय में इसका करारा जवाब देगी। देश की जनता अब सरकार की जनविरोधी नीतियों को समझ चुकी है और बढ़ती महंगाई से त्रस्त लोगों का आक्रोश लगातार बढ़ रहा है।