श्रद्धेय महंत श्री रमन प्रसाद गोस्वामी के निधन से उत्तराखंड में शोक की लहर 🙏🕉️

शोक समाचार देहरादून

दिनांक: 30 अप्रैल 2026मां डाट काली मंदिर, देहरादून के नौवें महंत एवं वरिष्ठ अधिवक्ता, श्रद्धेय महंत श्री रमन प्रसाद गोस्वामी (60 वर्ष) के निधन से देहरादून सहित समूचे उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गहरा शोक व्याप्त है। उन्होंने 29 अप्रैल 2026 को दिल्ली में उपचार के दौरान अंतिम सांस ली। वे पिछले लगभग ढाई वर्षों से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे, किंतु इस दौरान भी उन्होंने अपने धार्मिक एवं सामाजिक दायित्वों का निर्वहन निष्ठापूर्वक किया।

स्व. महंत श्री रमन प्रसाद गोस्वामी, सम्मानित अधिवक्ता श्री संयम गोस्वामी के पूज्य पिता थे। उनका निवास 202, महंत निवास, निकट गुप्ता स्टोर, सुभाष नगर, देहरादून में स्थित है। उनके पार्थिव शरीर को देर रात्रि उनके निवास स्थान लाया गया, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु, अधिवक्ता, सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, उनकी अंतिम यात्रा 30 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:00 बजे उनके पैतृक निवास से प्रारंभ होकर हरिद्वार के खरखड़ी स्थित श्मशान घाट के लिए प्रस्थान करेगी, जहां वैदिक रीति-रिवाजों के साथ उनका अंतिम संस्कार संपन्न किया जाएगा।

स्व. महंत जी के निधन पर अधिवक्ता समुदाय में भी गहरा शोक है। उनके सम्मान में 30 अप्रैल 2026 को समस्त अधिवक्तागण न्यायालयों एवं कार्यालयों में कार्य से पूर्णतः विरत रहेंगे। इस दौरान बस्ते, टाइपिंग कार्य तथा स्टाम्प वेंडर भी पूर्णतः बंद रहेंगे।

दिवंगत आत्मा की शांति के लिए शोक सभा का आयोजन 30 अप्रैल 2026 को प्रातः 11:30 बजे विधि भवन, देहरादून में किया जाएगा, जिसमें अधिवक्ता समुदाय श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।उल्लेखनीय है कि हाल ही में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी मां डाट काली मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर मंदिर की महत्ता को और अधिक प्रतिष्ठित किया था।स्व. महंत रमन प्रसाद गोस्वामी एक अत्यंत सरल, विनम्र एवं आध्यात्मिक व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने अपने जीवनकाल में धर्म, समाज सेवा एवं मानवीय मूल्यों के संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनके निधन से धार्मिक, सामाजिक एवं विधिक क्षेत्र में एक अपूरणीय शून्य उत्पन्न हो गया है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।

ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति दें।

ॐ शांति 🙏

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *