
🛑 “समयसीमा में बनेगा जीवनरेखा पुल” — मुख्यमंत्री धामी का सख्त निर्देश, मसूरी रोड पर तेजी से दौड़ा काम
देहरादून_____21 अप्रैल 2026
पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी रोड स्थित शिव मंदिर के पास निर्माणाधीन पुल का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। बारिश से क्षतिग्रस्त इस महत्वपूर्ण पुल को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर हर हाल में पूरा किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पुल देहरादून और मसूरी को जोड़ने वाला अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है, जहां प्रतिदिन हजारों स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों का आवागमन होता है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए दोनों ओर से वैली ब्रिज का निर्माण कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है, जो शीघ्र ही संचालित होगा। साथ ही स्थायी पुल का निर्माण भी प्राथमिकता पर है, जिसे आगामी 2 से 3 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशभर में सड़कों और पुलों के सुदृढ़ीकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है, जिससे दूरस्थ और दुर्गम क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिल सके।
आगामी चारधाम यात्रा एवं आदि कैलास यात्रा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों को आवश्यक अवसंरचनात्मक कार्य समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग और कार्यों की सतत समीक्षा करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और परियोजनाएं समय पर पूरी हों।
