ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा, ऐस्लेहॉल चौक पर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन का पुतला दहन

ब्रिगेडियर मुकेश जोशी हत्याकांड पर फूटा कांग्रेस का गुस्सा, ऐस्लेहॉल चौक पर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन का पुतला दहन

देहरादून महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य में ध्वस्त होती कानून व्यवस्था और मसूरी डायवर्जन पर ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की निर्मम हत्या के विरोध में आज ऐस्लेहॉल चौक पर राज्य सरकार एवं पुलिस प्रशासन का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया।
पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार मुर्दाबाद, पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाते हुए राज्य सरकार के खिलाफ अपना आक्रोश प्रकट किया और पुतले को आग के हवाले किया।
इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचन्द शर्मा ने कहा कि प्रदेश की राजधानी देहरादून में प्रातः भ्रमण पर निकले ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की गोली मारकर हत्या होना राज्य की कानून व्यवस्था की गंभीर विफलता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट हो गया है कि अपराधियों के हौसले बुलंद हैं और राज्य पुलिस पूरी तरह असफल साबित हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सुरक्षा से लेकर आम नागरिकों की जानमाल की रक्षा तक हर क्षेत्र में पुलिस नाकाम रही है। पिछले एक माह के भीतर हुई कई हत्याओं में भी पुलिस अपराधियों को पकड़ने में विफल रही है, जिससे यह संदेह गहरा रहा है कि कहीं न कहीं अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है।
पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि राजधानी में दिनदहाड़े हुई यह हत्या भाजपा सरकार के जंगलराज को उजागर करती है। जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहाँ पर्यटकों की निरंतर आवाजाही रहती है, बावजूद इसके सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर है।
पूर्व मेयर प्रत्याशी विरेन्द्र पोखरियाल ने कहा कि जब राजधानी की सुरक्षा का यह हाल है तो अन्य क्षेत्रों की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि धामी सरकार में भू-माफिया, शराब माफिया के साथ अब हत्यारों के हौसले भी बढ़ गए हैं और आम जनता असुरक्षित महसूस कर रही है।
कांग्रेस पार्टी ने मांग की कि मुकेश जोशी हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
___________प्रदर्शन में मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, पार्षद विरेन्द्र बिष्ट, अर्जुन सोनकर, शीशपाल बिष्ट, गिरिराज हिंदवान, सोम प्रकाश बाल्मीकि, रितेश क्षेत्री, पीयूष जोशी, संजय थापा, कैलाश बाल्मीकि, आशीष देसाई, प्रीतम सिंह आर्य, मोहन काला, नीता रावत, संजय कनौजिया, अनिल बसनेत, विजय शाही, गुलशन, डीपी सिंह, मनमोहन शर्मा, विकास शर्मा, शरीफ अहमद बेग, विकास नेगी, हिमांशु बिष्ट, पुनीत कुमार, संजय ठाकुर सहित अनेक कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।