छात्रों के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें एक छात्र की मौत हो गई

देहरादून, प्रेमनगर _______ब्रेकिंग हाई वोल्टेज न्यूज
प्रेमनगर थाना क्षेत्र में छात्रों के दो गुटों के बीच वर्चस्व की लड़ाई ने गंभीर रूप ले लिया, जिसमें हुई मारपीट के दौरान एक छात्र की मौत हो गई।

पुलिस ने मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार घटना सोमवार रात 23 मार्च को प्रेमनगर के केहरी गांव में हुई, जहां एक निजी कॉलेज में पढ़ने वाले छात्रों के दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और लाठी-डंडे चलने लगे।
इस दौरान मुजफ्फरनगर निवासी 22 वर्षीय दिव्यांशु जाटराना, जो वर्तमान में प्रेमनगर में रहकर बीटेक की पढ़ाई कर रहा था, गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पहले प्रेमनगर के अस्पताल ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर दून अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान देर रात उसकी मृत्यु हो गई।
मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना प्रेमनगर में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें:
युवराज कुमार — बीबीए छात्र, भोजपुर, बिहार
मधुर — बीटेक छात्र, रुद्रपुर, ऊधमसिंहनगर
शिवम शर्मा — बीटेक छात्र, पटना, बिहार
शामिल हैं।
देहरादून के एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना में शामिल अन्य छात्रों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
प्रेमनगर क्षेत्र में छात्रों के बीच बढ़ती गुटबाजी और हिंसक घटनाओं ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और छात्र सुरक्षा पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।