यूपीआई पर सर्विस टैक्स आम जनता पर अतिरिक्त बोझ: महंगाई से त्रस्त जनता पर सरकार का नया फैसला कुठाराघात::::: महेश जोशी
देहरादून।_________ प्रदेश कांग्रेस के सचिव महेश जोशी ने कहा कि आज देश का अधिकांश आमजन कैशलेस व्यवस्था का आदी हो चुका है। यूपीआई के माध्यम से होने वाला डिजिटल लेन-देन लोगों के लिए सुविधाजनक और आसान साबित हुआ है। बिना बैंक जाए घर बैठे भुगतान और लेन-देन की सुविधा ने आम नागरिकों के साथ-साथ दुकानदारों और ग्राहकों के बीच लेन-देन को भी सरल बनाया है।
महेश जोशी ने कहा कि यूपीआई के कारण खुले पैसों की समस्या, फटे नोटों की परेशानी तथा नकदी रखने की जरूरत काफी हद तक कम हुई है। ग्राहक आसानी से सामान खरीदकर डिजिटल भुगतान कर रहे हैं और दुकानदारों के लिए भी लेन-देन की प्रक्रिया सुविधाजनक हुई है। ऐसे में सरकार द्वारा कैशलेस व्यवस्था के अंतर्गत अतिरिक्त सर्विस टैक्स लगाए जाने का निर्णय आम जनता की जेब पर सीधा अतिरिक्त बोझ डालेगा।उन्होंने कहा कि महंगाई की मार से पहले ही आम जनता बुरी तरह त्रस्त है। खाद्य पदार्थों सहित रोजमर्रा की आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से लोगों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। ऐसे समय में डिजिटल भुगतान जैसी सुविधाजनक व्यवस्था पर अतिरिक्त शुल्क लगाने का फैसला जनता के हितों पर कुठाराघात है।
जोशी ने कहा कि यह फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर जनता के लिए एक और आर्थिक बोझ के रूप में सामने आया है। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कांग्रेस इस अवसर को ______________“मोदी जी वादा निभाओ दिवस” के रूप में मनाएगी। उन्होंने कहा कि सत्ता में आने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जनता से किए गए अनेक बड़े वादे और दावे अब सवालों के घेरे में हैं।

कांग्रेस का कहना है कि सरकार को जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने के बजाय महंगाई से राहत देने और आम आदमी की आर्थिक स्थिति मजबूत करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।