दून अस्पताल ब्लड बैंक में रेड क्रॉस सोसाइटी की पहल, रक्तदान शिविर आयोजित

देहरादून______5 फरवरी 2026।
हिंदुस्तान अखबार में राजकीय मेडिकल कॉलेज दून अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की कमी से संबंधित प्रकाशित खबर को संज्ञान में लेते हुए रेड क्रॉस सोसाइटी के कोषाध्यक्ष श्री मोहन सिंह खत्री द्वारा आज दून अस्पताल के ब्लड बैंक में लोगों को प्रेरित कर रक्तदान कराया गया।
इस अवसर पर श्री मोहन सिंह खत्री ने कहा कि “रक्तदान एक महादान है। रक्त का कोई विकल्प नहीं है और समय पर रक्त मिलने से अनेक लोगों की जान बचाई जा सकती है। समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को आगे आकर स्वेच्छा से रक्तदान करना चाहिए।”
उन्होंने बताया कि रेड क्रॉस सोसाइटी सामाजिक दायित्व के तहत लगातार जनहित में कार्य कर रही है और भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रहेंगे। रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया गया।
इस पहल से दून अस्पताल के ब्लड बैंक में रक्त की उपलब्धता बढ़ी है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को समय पर सहायता मिल सकेगी।
