देहरादून नगर कोतवाली क्षेत्र में जघन्य हत्या का मामला

देहरादून।_______ नगर कोतवाली क्षेत्र के मच्छी बाजार इलाके में आज सुबह लगभग 10:30 बजे एक युवक ने एक युवती की चापड़ से गला रेत कर हत्या कर दी। दिनदहाड़े सरेआम हुए इस जघन्य हत्याकांड के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।________पुलिस ने आरोपी युवक को तत्काल गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मच्छी बाजार के अंदर दूल्हा मार्केट के पास गली में आकाश कुमार (27), पुत्र कोमल राम, निवासी 46 मन्नूगंज, खुडबुड़ा मोहल्ला, देहरादून ने युवती गुंजन पर चापड़ से जानलेवा हमला कर दिया। चापड़ से युवती का गला इतनी बुरी तरह कट गया कि वह मौके पर ही गिर गई।________युवती को तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।________गुंजन पिछले 5-6 वर्षों से दूल्हे के कपड़ों की दुकान में काम करती थी। पुलिस की फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं।________पुलिस की पूछताछ में पता चला है कि गुंजन और आकाश कुमार के बीच पहले दोस्ती थी। आकाश की शादी होने के बाद गुंजन ने उससे बातचीत बंद कर दी थी। इसके बावजूद आकाश उसका पीछा करता रहता था। दो दिन पहले आकाश ने गुंजन को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसके बाद गुंजन ने खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी।_________पुलिस ने आरोपी आकाश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस इस जघन्य अपराध के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और दोषी को सख्त सजा दिलाने के लिए कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।
