बैंक हड़ताल का बिगुल: 27 जनवरी को ठप होगी बैंकिंग सेवाएं

देहरादून________ यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 27 जनवरी 2026 को अखिल भारतीय बैंक हड़ताल का ऐलान कर दिया है। इस हड़ताल में सार्वजनिक, निजी, विदेशी, क्षेत्रीय ग्रामीण और सहकारी बैंकों के लगभग 8 लाख कर्मचारी और अधिकारी शामिल होंगे।
बैंक कर्मचारियों की मुख्य मांग है कि बैंकों में 5-दिवसीय कार्य प्रणाली लागू की जाए, जिसमें सोमवार से शुक्रवार तक काम और सभी शनिवार अवकाश घोषित किए जाएं। उनका कहना है कि यह मांग नई नहीं है, बल्कि इसे लेकर पहले ही समझौता हो चुका है, लेकिन सरकार ने अभी तक इसे लागू नहीं किया है।
UFBU के मुताबिक, 7 दिसंबर 2023 को IBA (इंडियन बैंक्स एसोसिएशन) और UFBU के बीच समझौता ज्ञापन हुआ था, जिसमें तय हुआ था कि सोमवार से शुक्रवार तक हर दिन 40 मिनट अतिरिक्त काम किया जाएगा और बदले में सभी शनिवारों को अवकाश दिया जाएगा। लेकिन सरकार ने अभी तक इस पर कोई फैसला नहीं लिया है।
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि यह भेदभाव है कि RBI, LIC और GIC में पहले से 5-दिवसीय कार्य प्रणाली लागू है, जबकि बैंकों में अभी भी 6-दिवसीय कार्य प्रणाली है। उन्होंने सरकार से मांग की है कि जल्द से जल्द 5-दिवसीय कार्य प्रणाली लागू की जाए।
AIBOC के राज्य सचिव हेमंत मल्होत्रा ने कहा, “दो साल पहले हमसे वादा किया गया था कि 5-दिवसीय कार्य प्रणाली लागू की जाएगी, लेकिन अभी तक कुछ नहीं हुआ है। हमें मजबूरन सड़कों पर उतरना पड़ रहा है।”
27 जनवरी को होने वाली हड़ताल से देशभर में बैंकिंग सेवाएं ठप हो सकती हैं, जिससे कैश ट्रांजैक्शन, चेक क्लीयरेंस और शाखा से जुड़े काम प्रभावित होंगे। सरकार से अपील है कि जल्द से जल्द इस मुद्दे का समाधान निकाले।
