समान नागरिक संहिता, नकल विरोधी कानून और सख्त भू-कानून के जरिए नियमन की पहल

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में विगत पांच वर्षों के दौरान उत्तराखंड में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और कानूनी जवाबदेही तय करने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए हैं। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून से लेकर समान नागरिक संहिता तक लागू कर उत्तराखंड ने देश के सामने कानून आधारित शासन व्यवस्था का मॉडल प्रस्तुत किया है।______उत्तराखंड 27 जनवरी 2025 से समान नागरिक संहिता (यूसीसी) लागू करने वाला स्वतंत्र भारत का पहला राज्य बना। इसके तहत विवाह, तलाक, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे विषयों के लिए सभी नागरिकों के लिए समान नागरिक कानून लागू किया गया है। इसी तरह सरकारी भर्ती परीक्षाओं में नकल और पेपर लीक रोकने के लिए वर्ष 2023 में नकल विरोधी कानून लागू किया गया। इसके तहत संगठित तरीके से परीक्षा में गड़बड़ी करने वाले गिरोहों और संस्थाओं के लिए आजीवन कारावास तक की सजा तथा 10 करोड़ रुपए तक के जुर्माने का प्रावधान है। अवैध तरीके से अर्जित संपत्ति जब्त करने और दोषियों को भर्ती परीक्षाओं से प्रतिबंधित करने की व्यवस्था भी की गई है।_______धर्मांतरण और उपद्रव पर नियंत्रण
धर्मांतरण विरोधी कानून को वर्ष 2022 में और सख्त किया गया। इसके तहत बल, प्रलोभन, धोखाधड़ी, अनुचित प्रभाव, दबाव या विवाह के माध्यम से अवैध धर्म परिवर्तन कराने पर रोक लगाई गई है। वहीं, दंगों, बंद और विरोध प्रदर्शनों के दौरान सरकारी और निजी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों से भरपाई कराने के लिए उत्तराखंड लोक एवं निजी संपत्ति क्षति वसूली अधिनियम, 2024 लागू किया गया। इसके तहत नुकसान का आकलन करने और जिम्मेदार लोगों से मुआवजा वसूलने के लिए दावा अधिकरण गठित करने का प्रावधान है।_______सख्त भू-कानून
प्रदेश में भूमि की अनियंत्रित खरीद-बिक्री पर रोक लगाने के उद्देश्य से सख्त भू-कानून लागू किया गया। इसके तहत हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर को छोड़कर प्रदेश के 11 पर्वतीय जिलों में बाहरी राज्यों के लोग कृषि और उद्यान भूमि नहीं खरीद सकते। इसका उद्देश्य स्थानीय भूमि संसाधनों और हितों की सुरक्षा करना है। राज्य में 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को धार्मिक स्थलों के नाम पर किए गए अवैध अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। इसके अलावा धार्मिक भावनाओं का दुरुपयोग कर धोखाधड़ी करने वाले छद्मवेशधारियों के विरुद्ध ऑपरेशन कालनेमि शुरू किया गया।
*रोजगार से लेकर नवाचार तक, युवाओं के लिए खुले नए अवसर**सरकारी नौकरियों के साथ वैश्विक रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और आधुनिक शिक्षा के अवसर बढ़ाने की पहल*राज्य सरकार ने विगत पांच वर्ष के दौरान युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के साथ ही शिक्षा, कौशल विकास और नवाचार के क्षेत्र में कई पहल की हैं। पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने के अलावा युवाओं को विदेशी भाषाओं का प्रशिक्षण देकर वैश्विक रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में मदद और उद्यमिता को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया गया है। *35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी*प्रदेश में बीते पांच वर्ष में 36 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए सख्त नकल विरोधी कानून लागू, नकल माफिया पर लगाम कसने का काम किया। उपनल कर्मियों को समान कार्य के लिए समान वेतन प्रदान किया गया है। युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से उद्यमिता और कौशल प्रशिक्षण के साथ बैंक ऋण की 30 प्रतिशत राशि अनुदान के रूप में देने की योजना भी शुरू की गई है।*विदेश में रोजगार के लिए भाषा प्रशिक्षण*मुख्यमंत्री कौशल उन्नयन एवं वैश्विक रोजगार योजना के तहत जर्मन और जापानी भाषा प्रशिक्षण के 158 केंद्र संचालित किए जा रहे हैं। अक्टूबर 2026 तक इस पहल के माध्यम से 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। वहीं, मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू की गई है। इसके प्रथम चरण में 11 हजार छात्र-छात्राओं को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग से जोड़ने की प्रक्रिया चल रही है।*स्कूली शिक्षा में तकनीक और छात्रवृत्ति पर जोर*शिक्षा के क्षेत्र में पीएम श्री योजना के पहले चरण में 141 और दूसरे चरण में 84 विद्यालयों का चयन किया गया है। इसके अलावा 500 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में वर्चुअल कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री मेधावी छात्र प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना सहित विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 21,743 बच्चों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। उच्च शिक्षा के विद्यार्थियों के लिए मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा प्रोत्साहन छात्रवृत्ति योजना भी शुरू की गई है।*विज्ञान और अनुसंधान के लिए नई सुविधाएं*विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के लिए लैब ऑन व्हील कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। सभी जनपदों में विज्ञान केंद्र स्थापित करने की दिशा में भी कार्य हो रहा है। देहरादून में देश की पांचवीं साइंस सिटी का निर्माण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को विज्ञान, अनुसंधान और नवाचार से जोड़ना है।*साक्षरता और उच्च शिक्षा में नई पहल*उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के अंतर्गत उत्तराखंड देश का छठा पूर्ण साक्षर राज्य बना है। दून विश्वविद्यालय में सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज की स्थापना की गई है। वहीं, टिहरी गढ़वाल के मदन नेगी में नए केंद्रीय विद्यालय की स्थापना को मंजूरी मिली है और अल्मोड़ा के द्वाराहाट में केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि हस्तांतरित की गई है।
*आत्मनिर्भरता के साथ नेतृत्व की भूमिका में आगे बढ़ रहीं महिलाएं**मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में महिला सशक्तिकरण के लिए आरक्षण से लेकर आर्थिक स्वावलंबन तक पर जोर**लखपति दीदी, स्वयं सहायता समूह और हाउस ऑफ हिमालयाज से ग्रामीण महिलाओं को मिल रहे नए अवसर*मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विगत पांच वर्ष के दौरान महिला सशक्तिकरण को सामाजिक सुरक्षा के साथ आर्थिक स्वावलंबन और निर्णय प्रक्रिया में भागीदारी से जोड़ने पर जोर दिया है। सरकारी नौकरियों में आरक्षण, स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक सहायता, स्थानीय उत्पादों के विपणन और बेटियों की शिक्षा के लिए संचालित योजनाओं के जरिए महिलाओं के लिए नए अवसर विकसित करने का प्रयास किया गया है। *सरकारी नौकरियों और सहकारिता में बढ़ी भागीदारी*उत्तराखंड की महिलाओं को सरकारी सेवाओं में अवसर देने के लिए सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत महिला आरक्षण लागू किया गया। इसके अलावा सहकारी प्रबंध समितियों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण देने की शुरुआत की गई है। इन पहलों का उद्देश्य रोजगार और सहकारिता के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाना है।*3.10 लाख महिलाएं बनीं लखपति दीदी*ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश में अब तक 3 लाख 10 हजार महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। महिला स्वयं सहायता समूहों को पांच लाख रुपए तक ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है। उत्तराखंड राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत 5,19,943 महिलाओं को संगठित कर 70,767 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं।*हाउस ऑफ हिमालयाज से स्थानीय उत्पादों को बाजार*महिला समूहों और ग्रामीण उद्यमियों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए हाउस ऑफ हिमालयाज अम्ब्रेला ब्रांड शुरू किया गया है। इसके तहत स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। ब्रांड की बिक्री छह करोड़ रुपए के पार पहुंच चुकी है। इससे लगभग 5,500 महिलाएं सीधे आर्थिक गतिविधियों से जुड़ी हैं। वहीं, नमो ड्रोन दीदी योजना के अंतर्गत महिला समूहों को ड्रोन संचालन का प्रशिक्षण दिया जा रहा है, जिससे कृषि क्षेत्र में तकनीक आधारित सेवाओं के नए अवसर विकसित हो सकें।*बेटियों की शिक्षा और मातृ स्वास्थ्य पर ध्यान*नंदा गौरा योजना के तहत बेटी के जन्म पर 11 हजार रुपए और 12वीं उत्तीर्ण करने पर 51 हजार रुपए की सहायता का प्रावधान है। अक्टूबर 2026 तक चार लाख से अधिक बेटियों को इसका लाभ मिल चुका है। मातृ एवं शिशु पोषण के लिए मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना के अंतर्गत प्रसव के बाद महिलाओं को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है।
*आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिली सामाजिक सुरक्षा**पेंशन, आवास, मुफ्त गैस रिफिल और स्वरोजगार के जरिए जरूरतमंदों तक पहुंचाई जा रही सहायता*मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विगत पांच वर्ष के दौरान गरीब कल्याण और सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक और सामाजिक संबल देने पर जोर दिया है। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन से लेकर आवास, रसोई गैस और छोटे कारोबारियों को ऋण उपलब्ध कराने तक, कई योजनाओं के जरिए अलग-अलग वर्गों को राहत पहुंचाने का प्रयास किया गया है। प्रदेश में विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 9 लाख 99 हजार पात्र लाभार्थियों को प्रतिमाह लगभग 148 करोड़ रुपए की पेंशन डीबीटी के माध्यम से वितरित की जा रही है। इसमें वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग पेंशन के लाभार्थी शामिल हैं। वृद्धावस्था पेंशन योजना में पात्र वृद्ध दंपति के दोनों सदस्यों को अलग-अलग 1,500 रुपए प्रतिमाह पेंशन देने का प्रावधान किया गया है। इससे बुजुर्ग दंपतियों को आर्थिक सहायता मिल रही है।*गरीब परिवारों को मुफ्त गैस रिफिल की सुविधा*रसोई के खर्च का बोझ कम करने के लिए मुख्यमंत्री अंत्योदय निःशुल्क गैस रिफिल योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत लगभग पौने दो लाख गरीब परिवारों को प्रतिवर्ष तीन गैस सिलेंडर निःशुल्क रिफिल कराने की सुविधा दी जा रही है। योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को रसोई गैस की उपलब्धता सुनिश्चित करना और घरेलू खर्च में राहत देना है।*एक लाख से अधिक परिवारों को पक्के आवास*गरीब परिवारों को पक्की छत उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत भी काम हुआ है। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत 53 हजार से अधिक परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए जा चुके हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में वर्ष 2022 से अब तक 39,815 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का लाभ दिया गया है। इसके अलावा प्रधानमंत्री जनमन योजना के अंतर्गत 925 आवासों का निर्माण किया गया है।*फड़ कारोबारियों को बैंक ऋण से सहारा*छोटे कारोबारियों और रेहड़ी-पटरी पर आजीविका चलाने वालों को आर्थिक सहायता देने के लिए पीएम स्वनिधि योजना के तहत 33 हजार से अधिक फड़ कारोबारियों को बैंक ऋण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इससे छोटे कारोबारियों को अपना व्यवसाय आगे बढ़ाने और कार्यशील पूंजी की जरूरत पूरी करने में मदद मिली है।
*पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर स्वरोजगार का आधार बनी खेती- किसानी**मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कार्यकाल में कृषि एवं उद्यान क्षेत्र में नई नीतियों पर रहा जोर**चकबंदी से लेकर पशुपालन और मत्स्य पालन तक स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की कोशिश*मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार ने विगत पांच वर्ष के दौरान कृषि और उद्यान क्षेत्र नई नीतियों और प्रोत्साहन कार्यक्रमों के जरिए, उत्तराखंड में खेती किसानी को पारम्परिक ढांचे से निकाल कर स्वरोजगार और आजीविका के आधार में बदलने का काम किया है। पर्वतीय क्षेत्रों में मोटे अनाज की खेती को प्रोत्साहन देने के साथ कीवी, ड्रैगन फ्रूट और सुगंधित पौधों की खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। वहीं, पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और मत्स्य पालन को भी ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जोड़ने पर जोर दिया गया है।पर्वतीय क्षेत्रों में परंपरागत फसलों को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2023 में उत्तराखंड स्टेट मिलेट्स पॉलिसी घोषित की गई। इसके तहत वर्ष 2030-31 तक 134.89 करोड़ रुपए की कार्ययोजना स्वीकृत की गई है। मंडुवा और झंगोरा के बीज तथा जैव उर्वरक पर 80 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है। मंडुवा का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 5,200 रुपए प्रति क्विंटल किया गया है।इसी तरह वर्ष 2025 में जारी कीवी नीति के तहत किसानों को कुल लागत पर 70 प्रतिशत सब्सिडी दी जा रही है। इससे प्रदेश के 17,500 किसानों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। ड्रैगन फ्रूट नीति में भी किसानों को 80 प्रतिशत तक सब्सिडी का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा महक क्रांति नीति के तहत 23 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सुगंधित फसलों की खेती विकसित करने के साथ ही प्रदेश में सात अरोमा वैली विकसित की जा रही हैं। यही कारण है कि प्रदेश के एरोमैटिक सेक्टर का वार्षिक कारोबार 100 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है।*चकबंदी और कृषि भूमि के सर्वेक्षण पर जोर*धामी सरकार ने पर्वतीय क्षेत्रों में बिखरी कृषि भूमि को खेती के अनुकूल बनाने के लिए स्वैच्छिक और आंशिक चकबंदी प्रोत्साहन नीति-2026 को मंजूरी दी है। इसके तहत पांच वर्षों में 275 गांवों को चकबंदी से जोड़ने का लक्ष्य है। साथ ही राज्य की संपूर्ण कृषि भूमि का आगामी पांच वर्षों में चरणबद्ध सर्वेक्षण और बंदोबस्त किए जाने का प्रावधान किया गया है। गन्ना किसानों को भी उत्तर प्रदेश की तुलना में पांच रुपए प्रति क्विंटल अधिक मूल्य दिया जा रहा है।*पशुपालन और दुग्ध उत्पादन में बढ़े अवसर*मुख्यमंत्री राज्य पशुधन मिशन के तहत गोपालन, बकरीपालन और भेड़पालन के माध्यम से 11,500 से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ा गया है। गोट वैली योजना में 41 क्लस्टर विकसित किए जा रहे हैं और 5,827 लाभार्थी इससे जुड़ चुके हैं। गोपालन योजना में गाय के साथ भैंस खरीदने का विकल्प दिया गया है। प्रदेश में दुग्ध उत्पादन वर्ष 2021-22 के 50.92 लाख लीटर प्रतिदिन से बढ़कर 54.59 लाख लीटर प्रतिदिन पहुंच गया है। उत्तराखंड की बद्री गाय के घी को जीआई टैग भी प्राप्त हुआ है।*ट्राउट पालन से निर्यात तक पहुंचा प्रदेश**पर्वतीय क्षेत्रों में मत्स्य पालन को आजीविका का विकल्प बनाने के लिए 170 करोड़ रुपए की ट्राउट प्रोत्साहन योजना शुरू की गई है। राज्य गठन के बाद पहली बार पांच मीट्रिक टन रेनबो ट्राउट मछली का निर्यात किया गया। इससे 33 मत्स्यपालकों को लगभग 23.50 लाख रुपए की आय हुई। प्रदेश में मत्स्यपालकों की संख्या बढ़कर 15,657 हो गई है, जिनमें 3,584 महिलाएं हैं।*किसानों को आर्थिक सहायता*किसानों को आर्थिक संबल देने के लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत आठ लाख से अधिक किसानों के खातों में तीन हजार करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि पहुंचाई गई है। इसके अलावा किसानों को तीन लाख रुपए तक का ब्याजमुक्त ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों में इन पहलों के जरिए उत्पादन बढ़ाने, खेती के विविधीकरण और ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर विकसित करने की कोशिश की जा रही है।
*आर्थिक विकास के साथ मानव विकास के संकेतकों में सुधार**जीएसडीपी में डेढ़ गुने से अधिक की बढ़ोतरी, प्रति व्यक्ति आय और रोजगार के अवसरों में इजाफा*पिछले साढ़े चार वर्षों के दौरान उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में विस्तार के साथ ही विकास के सामाजिक संकेतकों में भी सुधार दर्ज किया गया है। राज्य की सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी), प्रति व्यक्ति आय और औद्योगिक गतिविधियों में बढ़ोतरी हुई है। वहीं, बहुआयामी गरीबी में कमी, रोजगार के अवसरों में वृद्धि और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कई संकेतकों में सुधार दर्ज हुआ है। वर्ष 2024-25 में उत्तराखंड की जीएसडीपी बढ़कर 3,81,889 करोड़ रुपए हो गई है। वर्ष 2021-22 के मुकाबले इसमें डेढ़ गुने से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है। इसी अवधि में राज्य की प्रति व्यक्ति आय भी 1,94,670 रुपए से बढ़कर 2,73,921 रुपए हुई। वर्ष 2024-25 में राज्य की आर्थिक विकास दर 7.23 प्रतिशत रही। वहीं, वर्ष 2026-27 के लिए 1,11,703.21 करोड़ रुपए का बजट पारित किया गया है, जो वर्ष 2025-26 के बजट की तुलना में 10.41 प्रतिशत अधिक है।*गरीबी में कमी, रोजगार के अवसर बढ़े*राज्य में बहुआयामी गरीबी सूचकांक (मल्टी डायमेंशनल पॉवर्टी इंडेक्स) में भी गिरावट दर्ज की गई है। वर्ष 2021-22 में यह 9.7 प्रतिशत था, जो वर्ष 2024-25 में घटकर 6.92 प्रतिशत रह गया। श्रम बल भागीदारी दर (लेबर फोर्स पार्टिसिपेशन रेट) भी वर्ष 2021-22 के 60.1 प्रतिशत से बढ़कर वर्ष 2024-25 में 64.4 प्रतिशत हो गई। यह श्रम बाजार में लोगों की बढ़ती भागीदारी का संकेत है।*उद्योग और स्टार्टअप गतिविधियों का विस्तार*राज्य में सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) की संख्या वर्ष 2021-22 में 59,798 थी, जो वर्ष 2024-25 में बढ़कर 79,394 हो गई। इन उद्यमों में रोजगार पाने वालों की संख्या भी वर्ष 2022 के 3,43,922 से बढ़कर वर्ष 2025 में 4,56,605 हो गई। राज्य में बड़े उद्योगों की संख्या वर्ष 2024-25 में 128 दर्ज की गई। वहीं, स्टार्टअप की संख्या वर्ष 2017 तक शून्य थी, जो वर्ष 2021-22 में 702 और वर्ष 2024-25 में बढ़कर 1,750 हो गई। स्वास्थ्य के क्षेत्र में शिशु मृत्यु दर वर्ष 2024-25 में घटकर 20 और मातृ मृत्यु दर 91 पर आ गई। आर्थिक और सामाजिक विकास के ये आंकड़े राज्य में हो रहे बदलाव की तस्वीर पेश करते हैं।