समवशरण महामंडल विधान के सातवें दिन उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, 101 दीपों से हुई महाआरती, भक्ति के रंग में रंगा गरबा आयोजन

आर्यिका रत्न पूर्णमति माताजी के मंगल सानिध्य में धार्मिक अनुष्ठान के साथ हुआ गरबा एवं प्रश्न मंच का आयोजन
,आर्यिका रत्न पूर्णमति माताजी के मंगल चातुर्मास के पावन सानिध्य में आयोजित समवशरण महामंडल विधान के सातवें दिन श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। संत शिरोमणि आचार्य श्री 108 विद्यासागर जी महाराज एवं आचार्य श्री 108 समयसागर जी महाराज की परम प्रभावक शिष्या आर्यिका रत्न पूर्णमति माताजी के मंगल सानिध्य में विधान के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजन-अर्चन कर धर्मलाभ एवं पुण्यार्जन किया।समवशरण की महिमा बताते हुए माताजी ने दिया केवलज्ञान का संदेश इस अवसर पर आर्यिका रत्न पूर्णमति माताजी ने
अपने मंगल आशीर्वचनों में समवशरण की महिमा का वर्णन करते हुए बताया कि जैन धर्म में समवशरण तीर्थंकर भगवान की दिव्य उपदेश सभा है, जहां उनकी दिव्यध्वनि का श्रवण कर अनेक भव्य जीवों को आत्मकल्याण एवं केवलज्ञान की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है। जैन परंपरा में भगवान आदिनाथ के समवशरण में जयकुमार को केवलज्ञान प्राप्त होने का प्रसंग भी वर्णित है। समवशरण का महत्व आत्मशुद्धि, संयम, श्रद्धा और मोक्षमार्ग की प्रेरणा से जुड़ा हुआ है।101 दीपों से हुई महाआरती, भक्ति के साथ झूमे श्रद्धालु कार्यक्रम के अंतर्गत 17 अक्टूबर को शाम 6:30 बजे जैन भवन में 101 दीपों से भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। दीपों की जगमगाती रोशनी और भक्तिमय वातावरण ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। महाआरती के पश्चात भक्ति और उत्साह के साथ गरबा कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें पुरुषों, महिलाओं और बच्चों सहित सभी श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
गरबा कार्यक्रम में अंतिम समय तक उत्साहपूर्वक भाग लेने वाले प्रतिभागियों को पांच आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए गए। इसके साथ ही ‘गुरु वंदना सीजन-2 हाउजी’ के टिकटों का वितरण भी किया गया। सभी मंडलों के पुण्यार्जक परिवारों सहित समाज के बड़ी संख्या में सदस्यों ने उपस्थित होकर धर्मलाभ एवं पुण्यार्जन किया।कल होगा समवशरण महामंडल विधान का समापन कार्यक्रम की जानकारी देते हुए मीडिया समन्वयक मधु जैन ने बताया कि समवशरण महामंडल विधान का समापन कल किया जाएगा। विधान के सातवें दिन आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे आयोजन में भक्ति, सामाजिक सहभागिता और धार्मिक उल्लास का वातावरण बना रहा।इस अवसर पर सकल दिगम्बर जैन समाज, श्री विद्या समय पूर्ण वर्षायोग समिति, विभिन्न जैन संस्थाओं के सदस्य एवं पदाधिकारी, जैन भवन कार्यकारिणी के सदस्य तथा समाज के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।