**शबरी की भक्ति और सुग्रीव दरबार ने बांधा समां**
डोईवाला___________ हिमालयन रिक्रिएशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट की ओर से स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय, जौलीग्रांट के सेंट्रल पार्क में चल रहे रामलीला महोत्सव के छठवें दिन सीता हरण, शबरी भक्ति, हनुमान अवतरण और सुग्रीव दरबार का भावपूर्ण मंचन किया गया।

मंचन की शुरुआत बूढ़े मारीच प्रसंग से हुई। स्वर्ण मृग बनकर मारीच श्रीराम को कुटी से दूर ले गया। इसी बीच साधु का वेश धारण कर रावण पंचवटी पहुंचा और छलपूर्वक माता सीता का हरण कर लिया। सीता माता के -‘हे राम-हे लक्ष्मण’- की करुण पुकार सुनकर पूरा पंडाल भावुक हो उठा।
जटायु वध का प्रसंग भी दर्शकों को भावविह्वल कर गया।इसके बाद शबरी भक्ति का प्रसंग दिखाया गया। वर्षों से श्रीराम की प्रतीक्षा कर रही शबरी ने बेर खिलाकर अपनी अनन्य भक्ति का परिचय दिया।
प्रभु श्रीराम ने प्रेम से जूठे बेर ग्रहण किए, यह दृश्य देखकर दर्शकों की आंखें नम हो गईं। श्रीराम-हनुमान मिलन और सुग्रीव दरबार के मंचन ने दर्शकों को खूब आकर्षित किया।
रामलीला के सातवें दिन 17 अक्टूबर को बाली सुग्रीव युद्ध, अशोक वाटिका प्रसंग, अक्षय कुमार वध, मेघनाद प्रसंग व लंका दहन का मंचन होगा।