VPL आध्यात्मिक क्रिकेट महामहोत्सव के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले, दिल्ली, गाजियाबाद, हरिद्वार और विकासनगर सेमीफाइनल में पहुँचे

VPL आध्यात्मिक क्रिकेट महामहोत्सव के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले, दिल्ली, गाजियाबाद, हरिद्वार और विकासनगर सेमीफाइनल में पहुँचे


VPL आध्यात्मिक क्रिकेट महामहोत्सव के दूसरे दिन रोमांचक मुकाबले, दिल्ली, गाजियाबाद, हरिद्वार और विकासनगर सेमीफाइनल में पहुँचे

देहरादून।🌿🌿🌿🌿🌿🌿 आध्यात्मिक श्रमणी परम पूज्य वात्सल्यमयी आर्यिका रत्न श्री 105 पूर्णमति माताजी के पावन सान्निध्य में सकल दिगंबर जैन समाज एवं श्री विद्या समय पूर्ण वर्षा योग समिति द्वारा पुण्यार्जक श्रीमती तारिका पाटनी जी (वंडर सीमेंट, आरके मार्बल्स) के सहयोग से आयोजित VPL आध्यात्मिक क्रिकेट महामहोत्सव का आयोजन देहरादून स्थित जैन भवन स्टेडियम में उत्साह और आध्यात्मिक वातावरण के बीच किया जा रहा है।
महामहोत्सव के दूसरे दिन प्रातः 7:00 बजे नित्य नियम पूजन एवं मंदिर जी में शांतिधारा की गई। आचार्य श्री के चरणों में अर्घ्य अर्पित करने की श्रृंखला में 2 अक्टूबर को जैन मिलन शिवालिक एवं वीरांगना मंच तथा आज जैन मिलन ज्योति माजरा द्वारा अर्घ्य समर्पित किए गए।
मीडिया समन्वयक मधु जैन ने बताया कि रविवार को प्रातः 7:00 बजे बालिका मंडल एवं वीर विद्या युवा मंडल द्वारा श्री जी को अर्घ्य समर्पित किए जाएंगे।
1008 समोसरण महामंडल विधान को लेकर बैठक
आगामी धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर आज दोपहर 3:00 बजे धर्मशाला प्रांगण में बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में आगामी 11 अक्टूबर को होने वाले 1008 समोसरण महामंडल विधान सहित अन्य धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर चर्चा की जाएगी। बैठक का संचालन जैन समाज के अध्यक्ष विनोद जैन एवं श्री विद्या पूर्ण वर्षा योग समिति के अध्यक्ष राजीव जैन द्वारा किया जाएगा।
चार रोमांचक मुकाबलों में टीमों ने दिखाया दमखम
VPL के दूसरे दिन चार रोमांचक क्रिकेट मुकाबले खेले गए।
दिल्ली ने इंदौर को हराकर जीत दर्ज की।
गाजियाबाद ने तमिलनाडु को पराजित किया।
हरिद्वार ने रोमांचक मुकाबले में ग्वालियर को हराया।
विकासनगर ने आगरा को हराकर सेमीफाइनल में स्थान बनाया।
सेमीफाइनल मुकाबलों में दिल्ली, गाजियाबाद, हरिद्वार एवं विकासनगर की टीमें आमने-सामने रहीं। मैदान पर खिलाड़ियों ने खेल कौशल के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा का परिचय दिया।
पूर्णमति माताजी ने दिया खेल के माध्यम से आध्यात्मिकता का संदेश
पूज्य गुरु माँ श्री पूर्णमति माताजी ने VPL के माध्यम से युवाओं को खेल और धर्म के सुंदर समन्वय का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में पुरानी लीक से हटकर सकारात्मक और रचनात्मक सोच अपनाने की आवश्यकता है। खेल के माध्यम से युवा अपनी ऊर्जा को सही दिशा में लगाते हुए धर्म, संस्कार और समाज से जुड़ सकते हैं।
माताजी ने खेल को केवल प्रतिस्पर्धा अथवा व्यवसाय का माध्यम न मानकर साधर्मी वात्सल्य, आपसी प्रेम, एकजुटता और संस्कारों को मजबूत करने का माध्यम बनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि खेल के मैदान में भी क्रोध, मान, माया और लोभ जैसे कषायों पर नियंत्रण रखना आवश्यक है। जीत-हार के अहंकार से ऊपर उठकर शांत भाव से खेलना और आत्म-संयम बनाए रखना ही वास्तविक सफलता है।
उन्होंने युवाओं से धन और समय का सदुपयोग करते हुए धर्म, ज्ञान, संस्कार एवं सत्कार्यों से जुड़ने का आह्वान किया।
100 प्रश्नों के माध्यम से धर्म और खेल का अनूठा संगम
कार्यक्रम समन्वयक अंकुर जैन ने बताया कि VPL में खिलाड़ियों के सामने करीब 100 धार्मिक प्रश्नों को याद रखने और उनका उत्तर देने की चुनौती रखी गई है। इसका उद्देश्य उन युवाओं को भी धर्म और समाज से जोड़ना है, जो नियमित रूप से मंदिर या धार्मिक गतिविधियों में नहीं आ पाते।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में एक विशेष रोमांच भी जोड़ा गया है, जिसमें खिलाड़ी को गेंद को बैट से टच करने के साथ-साथ निर्धारित प्रश्न का उत्तर भी देना होता है। इससे खिलाड़ियों की एकाग्रता, निर्णय क्षमता, समस्या समाधान क्षमता और टीमवर्क को विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
अंकुर जैन ने कहा कि टीम लीडर द्वारा गेंदबाज एवं बल्लेबाज का चयन करने से निर्णय लेने की क्षमता विकसित होती है। अलग-अलग परिस्थितियों में खिलाड़ियों के व्यवहार और प्रतिभा को सामने आने का अवसर मिलता है। VPL का उद्देश्य विभिन्न कौशलों को विकसित करने के साथ-साथ युवाओं को धर्म और समाज से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि आर्यिका रत्न श्री 105 पूर्णमति माताजी के दिव्य सान्निध्य में आयोजित यह आध्यात्मिक क्रिकेट लीग इस उद्देश्य को सार्थक करने की दिशा में एक सुंदर प्रयास है।
भजनों से गूंज रहा जैन भवन परिसर
VPL के साथ प्रतिदिन सायंकालीन आरती एवं आध्यात्मिक भजनों का आयोजन भी श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में हो रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।
इस अवसर पर सकल दिगंबर जैन समाज के पदाधिकारी, श्री विद्या समय पूर्ण वर्षा योग समिति के सदस्य, जैन भवन कार्यकारिणी के पदाधिकारी, विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारी एवं सदस्यगण तथा बाहर से आए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने पूज्य पूर्णमति माताजी के पावन सान्निध्य में धर्मलाभ प्राप्त किया।
मधु सचिन जैन
मीडिया कोऑर्डिनेटर
जैन समाज