BREAKING HIGH VOLTAGE NEWS
_________देहरादून में राहुल गांधी का बड़ा हमला, बोले— “1% लोग पेपर लीक करते हैं, लेकिन 99% ईमानदार और गरीब युवाओं का भविष्य बर्बाद हो जाता है”

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में 8 से 10 हजार छात्रों से किया संवाद, रोजगार, पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए बड़े सवाल
देहरादून।__________ उत्तराखंड की राजधानी देहरादून शुक्रवार को युवाओं की आवाज़ का सबसे बड़ा मंच बन गई। कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने हजारों छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से सीधा संवाद किया।_____ बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित इस कार्यक्रम में करीब 8 से 10 हजार छात्र-युवा शामिल हुए। मूसलाधार बारिश के बावजूद युवाओं का उत्साह चरम पर रहा और पूरा मैदान शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों की मांग से गूंज उठा।
______________अपने संबोधन में राहुल गांधी ने पेपर लीक, भर्ती व्यवस्था और युवाओं के भविष्य को देश का सबसे बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि “देश में सिर्फ 1 प्रतिशत लोग पेपर लीक का रास्ता अपनाते हैं, लेकिन इसकी कीमत 99 प्रतिशत ईमानदार और गरीब युवाओं को चुकानी पड़ती है। मेहनत करने वाले लाखों युवाओं का भविष्य बर्बाद हो जाता है।”
उन्होंने मीडिया पर भी निशाना साधते हुए कहा कि “मीडिया शादी और चीते की बात करेगी, लेकिन पेपर लीक, बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य जैसे गंभीर मुद्दों पर चर्चा नहीं होगी।”
राहुल गांधी ने कहा कि देश का मौजूदा टेस्टिंग सिस्टम पुराना हो चुका है। यदि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग किया जाए तो पेपर लीक जैसी घटनाओं पर काफी हद तक रोक लगाई जा सकती है। उन्होंने भर्ती प्रक्रिया को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और भरोसेमंद बनाने पर जोर देते हुए कहा कि मेहनत करने वाले युवाओं को न्याय मिलना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी ने छात्रों और अभ्यर्थियों से खुलकर संवाद किया। युवाओं ने सरकारी नौकरियों में भर्ती, प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, रोजगार के अवसरों की कमी, महंगी शिक्षा और युवाओं के भविष्य को लेकर कई सवाल पूछे। राहुल गांधी ने सभी मुद्दों पर विस्तार से अपनी बात रखी और भरोसा दिलाया कि युवाओं की आवाज संसद से लेकर सड़क तक उठाई जाएगी।

_________कार्यक्रम का सबसे भावुक क्षण तब आया, जब नीट पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाली छात्रा रिया कुमारी थापा के पिता मंच पर पहुंचे और अपनी बेटी की दर्दभरी कहानी साझा की। उनकी बात सुनकर माहौल भावुक हो गया। राहुल गांधी ने उन्हें ढांढस बंधाया और कहा कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए परीक्षा व्यवस्था में सुधार जरूरी है।
____________कार्यक्रम के दौरान प्रसिद्ध रैपर डकैत की लाइव प्रस्तुति ने युवाओं में जोश भर दिया। राहुल गांधी के मंच पर पहुंचने से पहले हजारों युवा उनका बेसब्री से इंतजार करते रहे। बारिश के बावजूद युवाओं की भारी मौजूदगी ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।

________________पूरे कार्यक्रम की सबसे चर्चित तस्वीर उस समय सामने आई, जब पिथौरागढ़ निवासी बेरोजगार युवक मनोज कुमार अपनी सभी शैक्षणिक डिग्रियों की माला पहनकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। उनका संदेश साफ था— “डिग्रियां हैं, लेकिन रोजगार नहीं।” भारी बारिश के बावजूद उनका यह अनोखा विरोध सभी के आकर्षण का केंद्र बना रहा और रोजगार के मुद्दे को मजबूती से सामने लेकर आया।
_______इससे पहले राहुल गांधी के जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा और प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने उनका भव्य स्वागत किया।

देहरादून से उठी यह गूंज अब पूरे उत्तराखंड ही नहीं, बल्कि देशभर में शिक्षा व्यवस्था, रोजगार और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर नई राजनीतिक बहस को जन्म देती दिखाई दे रही है।
इसके बाद राहुल गांधी ने कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान हादसे में जान गंवाने वाले वरिष्ठ कांग्रेस नेता स्वर्गीय अमर मेहता के परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया।

वहीं, राहुल गांधी के देहरादून पहुंचने पर भाजपा महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन भी किया। सुरक्षा व्यवस्था के बीच राहुल गांधी कार्यक्रम स्थल पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और हजारों युवाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम केवल एक राजनीतिक सभा नहीं रहा, बल्कि यह शिक्षा, रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और युवाओं के भविष्य की लड़ाई का एक मजबूत मंच बनकर उभरा।________
