देहरादून पहुंचे राहुल गांधी, दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवार से की मुलाकात

देहरादून पहुंचे राहुल गांधी, दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता को दी श्रद्धांजलि, शोकाकुल परिवार से की मुलाकात

देहरादून, उत्तराखंड। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी शुक्रवार को देहरादून पहुंचे। राजधानी पहुंचते ही उन्होंने सबसे पहले दिवंगत कांग्रेस नेता अमर मेहता के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।राहुल गांधी ने अमर मेहता के परिवार को इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाते हुए कहा कि पूरे कांग्रेस परिवार की संवेदनाएं उनके साथ हैं। उन्होंने दिवंगत अमर मेहता के योगदान को याद करते हुए उनके निधन को पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति बताया।इस अवसर पर कांग्रेस की उत्तराखंड प्रभारी कुमारी सैलजा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व विधायक राजकुमार, कांग्रेस नेता मोहन काला, कांग्रेस नेत्री सोनिया आनंद सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कांग्रेस नेता मोहन काला ने बताया कि राहुल गांधी ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए आश्वस्त किया कि इस दुख की घड़ी में पूरा कांग्रेस परिवार उनके साथ मजबूती से खड़ा है और हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।परिजनों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी मसूरी रोड स्थित एक होटल पहुंचे, जहां उन्होंने प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ आगामी राजनीतिक रणनीति पर बैठक की। इसके बाद वे बन्नू स्कूल ग्राउंड में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे, जहां छात्र-युवाओं से संवाद करेंगे। कार्यक्रम में पेपर लीक सहित युवाओं से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।उल्लेखनीय है कि कांग्रेस के वरिष्ठ कार्यकर्ता अमर मेहता का गुरुवार को एक दर्दनाक हादसे में निधन हो गया था। बन्नू स्कूल ग्राउंड में राहुल गांधी के कार्यक्रम की तैयारियों के दौरान लोहे का गार्डर उनके सिर पर गिर गया था, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनका निधन हो गया।अमर मेहता के निधन से कांग्रेस संगठन एवं कार्यकर्ताओं में शोक की लहर है। राहुल गांधी ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए ईश्वर से शोक संतप्त परिवार को इस अपार दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।