लखनऊ _____विश्व पर्यावरण दिवस पर यूपी में बड़ा ऐलान:
स्वच्छ वायु प्रबंधन परियोजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश की पर्यावरण नीति को नई दिशा देते हुए ₹2,741 करोड़ की भारत की पहली एयर-शेड आधारित “उत्तर प्रदेश स्वच्छ वायु प्रबंधन परियोजना” का शुभारंभ किया।

यह परियोजना विश्व बैंक के सहयोग से संचालित होगी और राज्य में वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए एक संरचित एवं आधुनिक ढांचा तैयार करेगी।इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के 35 करोड़ पौधरोपण लक्ष्य के अंतर्गत चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” वृक्षारोपण महाअभियान-2026 के लोगो का भी अनावरण किया। उन्होंने कहा कि यह अभियान जनभागीदारी के माध्यम से उत्तर प्रदेश को हरित और स्वच्छ बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।कार्यक्रम में “उत्तर प्रदेश में जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों का समाधान” विषय पर आयोजित संगोष्ठी में भी मुख्यमंत्री ने सहभाग किया और पर्यावरण संरक्षण के लिए ठोस एवं दीर्घकालिक रणनीति पर जोर दिया। साथ ही उन्होंने राज्य के रामसर स्थलों से संबंधित डॉकेट का विमोचन भी किया, जिससे आर्द्रभूमियों के संरक्षण को नई गति मिलने की उम्मीद है।मुख्यमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया तथा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नए मैस्कॉट का अनावरण भी किया।योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छ वायु, स्वच्छ जल और हरित विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि “डबल इंजन सरकार” प्रकृति और विकास के बीच संतुलन बनाते हुए आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।
