मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर निगम देहरादून द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के अंतर्गत 02 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की लागत से जुगमन्दर हॉल के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया।

देहरादून।_______ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नगर निगम देहरादून द्वारा आयोजित कार्यक्रम में सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण एवं संवर्धन के अंतर्गत 02 करोड़ 32 लाख 50 हजार रुपये की लागत से जुगमन्दर हॉल के जीर्णोद्धार एवं नवीनीकरण कार्य का लोकार्पण किया।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने केदारपुरम स्थित ए.बी.सी. सेंटर में कैनालों के निर्माण तथा नगर निगम क्षेत्र के 06 विभिन्न स्थानों पर पार्कों के विकास एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का शिलान्यास भी किया।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार “विकास भी और विरासत भी” की भावना को केंद्र में रखकर निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि आज देहरादून अपनी समृद्ध सांस्कृतिक पहचान और विरासत को संजोते हुए विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि तेज़ी से हो रहे शहरी विकास के साथ-साथ राज्य सरकार अपनी संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के शहरी क्षेत्रों को सुव्यवस्थित, स्वच्छ और आधुनिक बनाने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से शहरों, कस्बों और नगरों में स्वच्छता की नई संस्कृति विकसित हुई है। साथ ही अमृत योजना के तहत जल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था एवं हरित क्षेत्रों के विकास के अनेक कार्य किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत शहरों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों का अपने घर का सपना साकार हुआ है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहरी विकास के साथ-साथ आमजन को बेहतर आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।