मुख्यमंत्री ने जिला नियोजन एवं अनुश्रवण समिति तथा विकास कार्यों के प्रभावी पर्यवेक्षण के उद्देश्य से प्रदेश के सभी 13 जिलों में प्रभारी मंत्रियों की नियुक्ति कर दी है।


देहरादून। _______राज्य सरकार ने जिला नियोजन एवं अनुश्रवण समिति तथा विकास कार्यों के प्रभावी पर्यवेक्षण के उद्देश्य से प्रदेश के सभी 13 जिलों में प्रभारी मंत्रियों की नियुक्ति कर दी है। यह निर्णय जनपदों में विकास योजनाओं की निरंतर निगरानी, समन्वय और त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
जारी आदेश के अनुसार कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज को हरिद्वार जनपद की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि गणेश जोशी को टिहरी एवं रुद्रप्रयाग जिलों का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है। डा. धन सिंह रावत को अल्मोड़ा, सुबोध उनियाल को देहरादून, रेखा आर्य को पिथौरागढ़ तथा सौरभ बहुगुणा को उत्तरकाशी जिले का दायित्व दिया गया है।
इसी प्रकार खजान दास को नैनीताल, भरत चौधरी को चमोली एवं चंपावत, मदन कौशिक को पौड़ी, प्रदीप बत्रा को ऊधमसिंह नगर तथा रामसिंह कैड़ा को बागेश्वर जिले का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है।
सरकार का मानना है कि प्रभारी मंत्रियों की नियुक्ति से जनपद स्तर पर विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा होगी, स्थानीय समस्याओं का त्वरित समाधान संभव होगा तथा शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर अधिक प्रभावी ढंग से लागू किया जा सकेगा।