“चैम्बर की आस, धरने का छठा दिन”: बार एसोसिएशन देहरादून का जोरदार आंदोलन, न्यायिक समुदाय की उम्मीदों की उड़ान



देहरादून_____15 नवंबर 2025 – बार एसोसिएशन देहरादून द्वारा सिविल कैम्पस, पुराना जिला जज न्यायालय परिसर, हरिद्वार रोड की भूमि को बार एसोसिएशन को चैम्बर निर्माण के लिए आवंटित करने की मांग को लेकर आज छठे दिन एक विशाल धरना प्रदर्शन किया गया। यह धरना न्यायिक समुदाय की दशकों पुरानी आवश्यकता को पूरा करने की एक निर्णायक मुहिम का हिस्सा है।
धरने का नेतृत्व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री मनमोहन कंडवाल और सचिव श्री राजवीर सिंह बिष्ट ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान पूर्व अध्यक्ष श्री प्रेम चन्द शर्मा, श्री ओ.पी. सकलानी, श्री अनिल कुकरेती, बार काउंसिल सदस्य श्री सुरेन्द्र पुडिर, श्री चंद्रशेखर तिवारी, श्री एम.एम. लाबां, श्री योगेन्द्र तोगर सहित हजारों अधिवक्ता अपने हाथों में न्याय और अधिकार के नारे लगाते हुए धरने में शामिल हुए।
गणमान्य अतिथियों में विधानसभा में विपक्ष के उप नेता एवं खटीमा विधायक श्री भुवन चन्द्र कापड़ी ने धरने को संबोधित करते हुए कहा, “न्यायिक समुदाय के लिए चैम्बर की मांग जायज है, सरकार को इसे तत्काल पूरा करना चाहिए।” इसके अलावा पूर्व विधायक श्री राजकुमार, श्री लालचंद शर्मा, श्री आजाद अली, श्री वैभव वालिया और विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी धरने को समर्थन दिया और अपनी आवाज बुलंद की।
बार एसोसिएशन देहरादून के इस आंदोलन से न्यायिक समुदाय में एक नई ऊर्जा का संचार हुआ है और प्रशासन से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।
