15 अगस्त 2025_______ स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर पूज्य आचार्य श्री 108 सौरभ सागर जी महामुनिराज के सान्निध्य में श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज, देहरादून में राष्ट्रभक्ति कार्यक्रम का भव्य आयोजन_____

परम पूज्य संस्कार प्रणेता, ज्ञानयोगी, जीवन आशा हॉस्पिटल प्रेरणा स्तोत्र, उत्तराखंड के राजकीय अतिथि आचार्य श्री 108 सौरभ सागर जी महामुनिराज के दिव्य सान्निध्य में आज शुक्रवार, दिनांक 15 अगस्त 2025 को स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व श्री वर्णी जैन इंटर कॉलेज, गांधी रोड, देहरादून के प्रांगण में अत्यंत श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया।____


कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर स्वामी के चित्र का अनावरण एवं दीप प्रज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात विद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा देशभक्ति गीतों पर भावविभोर कर देने वाली सुंदर प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिन्हें पूज्य आचार्य श्री ने आशीर्वाद स्वरूप सराहा।____इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री संजय जैन जी का पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। तत्पश्चात ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया गया। पुष्प वर्षायोग समिति द्वारा बच्चों को पुरस्कृत किया गया तथा शिक्षकों एवं अन्य स्टाफ का भी पुष्प वर्षा कर सम्मान किया गया।____पूज्य आचार्य श्री ने अपने प्रेरणादायी प्रवचन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा जब तक हमारे बच्चों के हाथ समाज सेवा, देश सेवा और परिवार सेवा में सक्रिय रहेंगे, तब तक जीवन में दुःख, कष्ट और बंधनों का आगमन नहीं होगा। शिक्षा के साथ-साथ संस्कार भी अत्यंत आवश्यक हैं। बड़े-बुजुर्गों की ज्ञानवर्धक बातों को ध्यानपूर्वक सुनना चाहिए और मन में यह संकल्प होना चाहिए कि हमारे माता-पिता, जिन्होंने हमें यहाँ तक पहुँचाया है, उन्हें हमारे कारण कभी कोई कष्ट न हो। जिस देश में हम जीवन व्यतीत करते हैं, वह फिर कभी गुलामी की ओर न झुके।”____उन्होंने आगे कहा कि आज से 70–80 वर्ष पूर्व छोटे-छोटे बच्चों में यह जज्बा था, लेकिन पाश्चात्य संस्कृति के प्रभाव और हमारी एकता के अभाव में अंग्रेजों ने हम पर दो शताब्दियों तक शासन किया। जब हमारे बच्चों के जीवन में व्यसन आता है, तो हमारे परिवार की दरिद्रता बढ़ती है; और जब शिक्षक केवल धन के पीछे भागते हैं, संस्कारों के नहीं, तो भारत का भविष्य अधूरा रह जाता है।_____कार्यक्रम के समापन पर पुष्प वर्षायोग समिति द्वारा विद्यालय प्रबंधन समिति, शिक्षकगण, समस्त स्टाफ एवं विद्यार्थियों को इस सफल, अनुशासित एवं भव्य आयोजन के लिए हार्दिक धन्यवाद ज्ञापित किया गया।_____मधु सचिन जैन
मीडिया कोऑर्डिनेटर
देहरादून जैन समाज
