परिवार सामाजिक समिति ने ग्राम केसुन्दर की तीन विभूतियों को किया सम्मानित

परिवार सामाजिक समिति ने ग्राम केसुन्दर की तीन विभूतियों को किया सम्मानित

परिवार सामाजिक समिति ने ग्राम केसुन्दर की तीन विभूतियों को किया सम्मानित

देहरादून। ________परिवार सामाजिक समिति द्वारा ग्राम केसुन्दर, इड़वालस्यूं, पौड़ी गढ़वाल की तीन प्रतिष्ठित विभूतियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। राजधानी देहरादून के एक होटल में आयोजित समिति के अधिवेशन के दौरान यह सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें सामाजिक, सांस्कृतिक, खेल एवं ग्रामीण विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का सम्मान किया गया।समारोह में श्री गोपाल लाल जी को नाटक एवं रामलीला मंचन के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए ‘लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान’ प्रदान किया गया। श्री गोपाल लाल जी ने लगभग वर्ष 1975 से वर्ष 2000 तक 25 से अधिक वर्षों तक ग्राम केसुन्दर में रामलीला एवं नाटकों के मंचन का निर्देशन किया। उनके योगदान ने गांव की सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।इसी क्रम में 68 वर्षीय श्री विजेन्द्र सिंह पंवार को ‘मैराथन धावक सम्मान’ से सम्मानित किया गया। श्री पंवार आज भी निरंतर मैराथन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करते हुए युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बने हुए हैं। उन्होंने विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मैराथन प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया है तथा कई प्रतियोगिताओं में विजेता भी रहे हैं। उनकी खेल भावना, अनुशासन और निरंतर सक्रियता ने समाज के सामने उम्र को कभी भी सफलता की राह में बाधा न मानने का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत किया है।वहीं श्री जगमोहन सिंह पंवार को ‘श्रमश्री सम्मान’ से सम्मानित किया गया। राजकीय सेवा से सेवानिवृत्ति के बाद श्री पंवार ने गांव में लंबे समय से बंजर पड़े खेतों को फिर से कृषि योग्य बनाकर उनमें नकदी फसलों का उत्पादन शुरू किया। उनके इस प्रयास से न केवल ग्रामीण क्षेत्र में खेती के प्रति सकारात्मक संदेश गया, बल्कि मेहनत, आत्मनिर्भरता और लगन की एक प्रेरणादायी मिसाल भी स्थापित हुई। श्री जगमोहन सिंह पंवार जी की अनुपस्थिति में यह सम्मान समिति के सचिव श्री राजेंद्र सिंह रावत जी ने प्राप्त किया।समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि समाज में ऐसे व्यक्तित्वों को सम्मानित करने का उद्देश्य उनके योगदान को पहचान देना तथा नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कृति, खेल और मेहनत से जुड़े रहने के लिए प्रेरित करना है। तीनों सम्मानित विभूतियों के कार्य समाज के लिए प्रेरणादायी हैं और आने वाली पीढ़ियों को बेहतर दिशा देने का कार्य करेंगे।इस अवसर पर श्री सुरेंद्र सिंह पंवार, श्री कुलवान सिंह रावत, श्री अनिल रावत, श्री राजेंद्र सिंह पंवार, श्री दिनेश सिंह रावत, श्री शम्भू सिंह रावत, श्री राजेश रावत, श्री उत्तम सिंह पंवार, श्रीमती सुनीता, श्रीमती रोशनी चौहान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।परिवार सामाजिक समिति के इस सम्मान समारोह की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि समाज की ऐसी प्रतिभाओं और कर्मठ व्यक्तित्वों का सम्मान करना हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है।