दून चिकित्सालय में रेडक्रॉस उत्तराखंड का रक्तदान शिविर, समाजसेवियों ने किया महादान देहरादून, 31 जुलाई।_________ रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड के तत्वावधान में शुक्रवार को दून चिकित्सालय,

देहरादून में वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी, समाजसेवी एवं सोसाइटी के कोषाध्यक्ष श्री मोहन खत्री के कुशल नेतृत्व में भव्य स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य रक्त की कमी को दूर करने के साथ-साथ आमजन में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।शिविर में समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया तथा समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया।

इस दौरान पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष जोशीमठ श्री शैलेन्द्र पंवार, पूर्व विधायक प्रतिनिधि श्री रजनीश पंवार, श्री यशपाल डूंगरियाल, श्री नरेंद्र रावत, श्री हरीश भंडारी, पूर्व प्रधान एवं जिला पंचायत सदस्य ढाक के प्रतिनिधि श्री लक्ष्मण बुटोला, हेलंग के सरपंच श्री प्रदीप भंडारी, सलूड इंटर कॉलेज के प्रबंधक श्री अजीत कुंवर, आकाश कुमार, राम चंद्र, सचिन चौहान, आदित्य बिष्ट तथा नवीन पंवार सहित अनेक लोगों ने रक्तदान कर मानवता की सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि “रक्तदान महादान” केवल एक नारा नहीं, बल्कि मानव जीवन बचाने का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।कार्यक्रम के समापन पर रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तराखंड के कोषाध्यक्ष श्री मोहन खत्री ने सभी रक्तदाताओं, अतिथियों एवं सहयोगियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी अभियानों के माध्यम से समाज सेवा का कार्य निरंतर जारी रखेगी।
रक्तदान शिविर ने समाज में सेवा, सहयोग और मानवता का प्रेरणादायी संदेश देते हुए लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया।
