अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी देहरादून द्वारा योग शिविर का आयोजन


अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी देहरादून द्वारा योग शिविर का आयोजन

देहरादून______ 21 जून 2026 अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, देहरादून शाखा द्वारा नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक छात्रावास, कौलागढ़, देहरादून में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा समाज में स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश प्रसारित करना था।
शिविर में उत्कर्ष योग संस्थान के योग गुरु श्री सत्येंद्र सिंह ने सभी रेड क्रॉस सदस्यों एवं उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया। उन्होंने योग के वैज्ञानिक एवं व्यावहारिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि नियमित योगाभ्यास से अनेक शारीरिक एवं मानसिक रोगों की रोकथाम और उपचार संभव है। उन्होंने तनाव, मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा तथा अन्य जीवनशैली संबंधी बीमारियों में योग की महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, देहरादून शाखा की प्रबंधन समिति द्वारा योग गुरु श्री सत्येंद्र सिंह को योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, देहरादून शाखा के चेयरमैन डॉ. एम. एस. अंसारी, सचिव श्रीमती कल्पना बिष्ट, प्रबंधन समिति सदस्य श्री योगेश अग्रवाल, श्री अनिल वर्मा, श्रीमती प्रेमलता वर्मा, डॉ. शिफाहत अंसारी, श्री अजय राणा, श्री राजेंद्र गोसाईं, श्री कुशल कुमार, श्री रोहित जोशी, डॉ. जितेंद्र बुटोइया सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। भारतीय रेड क्रॉस सोसायटी, देहरादून शाखा ने इस अवसर पर स्वस्थ, निरोग एवं जागरूक समाज के निर्माण हेतु योग को अपनाने का आह्वान किया।
“योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है।”