गर्जना रैली में प्रतिभाग करने वाले सभी शिक्षिका-शिक्षकों का आभार
, 2011 से पूर्व नियुक्त शिक्षकों हेतु टीईटी की अनिवार्यता के विरोध सहित प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ उत्तराखण्ड के 13 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रान्तीय कार्यकारिणी उत्तराखण्ड द्वारा आहूत ‘गर्जना रैली’ में अखिल भारतीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ के पदाधिकारियों व सदस्यों ने सक्रिय भाग लेकर रैली को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया। राष्ट्रीय महामंत्री सुभाष सिंह चौहान ने कहा कि शिक्षक एक माह से अधिक लंबे समय से आंदोलनरत हैं किन्तु शासन द्वारा इस पर कोई संज्ञान न लिया जाना दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रशासन द्वारा रैली को गंतव्य स्थल से पूर्व ही रोक लिया गया जिससे रैली में शामिल सभी शिक्षिका-शिक्षक प्रान्तीय संगठन के नेतृत्व में वहीं धरने पर बैठ गये। भीषण गर्मी में काफी समय बाद भी सरकार की ओर से ज्ञापन लेने हेतु अपने किसी मंत्री विधायक या प्रतिनिधि को न भेजना सभी शिक्षकों का अपमान है।आगे के आन्दोलन को लेकर प्रान्तीय कोर कमेटी द्वारा जो भी निर्णय लिया गया है, उसका अखिल भारतीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ पूर्णरूप से समर्थन करता है और माननीय मुख्यमंत्री व माननीय शिक्षा मंत्री उत्तराखण्ड सरकार से मांग करता है कि प्रान्तीय कार्यकारिणी से होने वाली वार्ता में शिक्षकों के सभी मुद्दों पर सकारात्मक निर्णय लें जिससे संगठन को भूख हड़ताल व आमरण अनशन जैसे कदम उठाने को विवश न होना पड़े। सुभाष चौहान ने प्रदेशीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ उत्तराखण्ड की प्रान्तीय कार्यकारिणी तथा प्रदेश के सुदूरवर्ती क्षेत्रों व प्रत्येक जनपदों के कोने-कोने से आये शिक्षिका-शिक्षक साथियों का आभार व्यक्त किया जिन्होंने भीषण गर्मी व चिलचिलाती धूप की परवाह न करते हुए गर्जना रैली को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।राष्ट्रीय महामंत्री सुभाष सिंह चौहान ने शिक्षा विभाग में नवनियुक्त महानिदेशक आकांक्षा कोंडे को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास व्यक्त किया है कि महानिदेशक महोदया शिक्षा व शिक्षक हित में त्वरित निर्णय लेते हुए समस्याओं का समाधान करने में सक्रियता व त्वरित गति से कार्य करेंगी।–सुभाष सिंह चौहान,राष्ट्रीय महामंत्री,अखिल भारतीय जूनियर हाई स्कूल शिक्षक संघ भारत।
