गोरखपुर को मिली ₹208 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स एवं आवासीय परियोजनाओं का किया लोकार्पण

शिलान्यास गोरखपुर_____3 जून 2026 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर औद्योगिक विकास प्राधिकरण (गीडा) क्षेत्र में ₹208 करोड़ की लागत से निर्मित एवं प्रस्तावित विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में अत्याधुनिक फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) एवं निम्न आय वर्ग (LIG) के लिए आवासीय परिसर सहित अनेक महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने EWS एवं LIG आवासों तथा औद्योगिक भूखंडों के आवंटियों को आवंटन पत्र वितरित किए। साथ ही, NIELIT कौशल केंद्र से प्रशिक्षण प्राप्त छात्रों को प्रमाण-पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि गीडा में स्थापित अत्याधुनिक फ्लैटेड फैक्ट्री कॉम्प्लेक्स प्रदेश के औद्योगिक विकास को नई दिशा देगा। इस परिसर में एक ही कैंपस के भीतर MSME क्षेत्र के 100 से अधिक उद्योग संचालित किए जा सकेंगे। इससे उद्यमियों को आधुनिक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा स्थानीय स्तर पर बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार औद्योगिक विकास, निवेश प्रोत्साहन एवं रोजगार सृजन के लिए निरंतर कार्य कर रही है। गोरखपुर आज पूर्वांचल के प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में तेजी से उभर रहा है और आने वाले समय में यह क्षेत्र निवेश तथा औद्योगिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।मुख्यमंत्री ने सभी उद्यमियों, लाभार्थियों एवं जनपदवासियों को बधाई देते हुए कहा कि ये परियोजनाएं प्रदेश के समग्र विकास, आत्मनिर्भरता और आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान देगी
