रीवा में दो जैन साध्वियों की दर्दनाक मौत पर फूटा जैन समाज का आक्रोश, बोला — “क्या संतों का जीवन सुरक्षित नहीं?”

देहरादून। मध्य प्रदेश के रीवा में जैन साध्वियों की सड़क हादसे में हुई दर्दनाक मौत के बाद देशभर के जैन समाज में भारी आक्रोश और गहरा शोक व्याप्त है। इसी क्रम में मंगलवार को भारतीय जैन मिलन क्षेत्र संख्या-14 (देहरादून परिक्षेत्र) के तत्वावधान में जैन समाज के सैकड़ों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और एसडीएम स्मिता परमार के माध्यम से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ज्ञापन भेजकर न्याय एवं सुरक्षा की मांग उठाई।राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नरेश चंद जैन एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष अतिवीर डॉ. संजय जैन के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि रीवा में जैन साध्वियों के विहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में हुई गंभीर लापरवाही ने दो निर्दोष साध्वियों की जान ले ली। ज्ञापन के अनुसार, विहार कर रही जैन आर्यिका श्री श्रुतमती माताजी एवं उपशममती माताजी को एक तेज रफ्तार ट्रक ने बेरहमी से कुचल दिया, जिसके बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।इस हृदयविदारक घटना ने पूरे जैन समाज को भीतर तक झकझोर दिया है। समाज ने सवाल उठाया कि जब देश में संत-महात्माओं तक की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं हो पा रही, तो आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था का क्या हाल होगा?ज्ञापन में प्रधानमंत्री से मांग की गई कि देशभर में पैदल विहार करने वाले जैन साधु-साध्वियों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभाव से राष्ट्रीय स्तर पर कड़ा सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू किया जाए। जैन संत पूर्णतः अपरिग्रही होते हैं और वर्षों तक पैदल यात्रा कर धर्म प्रचार एवं मानव कल्याण का संदेश देते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार और प्रशासन की नैतिक जिम्मेदारी है।जैन समाज ने रीवा हादसे की निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि संतों की सुरक्षा को लेकर ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो देशभर में जैन समाज व्यापक आंदोलन के लिए बाध्य होगा।इस अवसर पर जैन समाज के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।ज्ञापन कार्यक्रम में संदीप जैन, मधु जैन (मीडिया समन्वयक, जैन समाज), अंकुर जैन, मनीष जैन, प्रदीप जैन, सुरेश चंद जैन, राजीव जैन, संजीव जैन, अजीत जैन, प्रतीक जैन, पंकज जैन, सुनील जैन, अशोक जैन, प्रीति जैन, अमित जैन, दीप शिखा जैन, अलका जैन, शेफाली जैन, प्रवीण जैन, प्रदीप जैन, अनिल जैन, अजय जैन सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।मधु सचिन जैनमीडिया समन्वयकजैन समाज
