रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड रोड से बदलेगी देहरादून की तस्वीर, पीएम मोदी करेंगे शिलान्यास

उत्तराखंड को मिलेगी बड़ी सौगात: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे 6200 करोड़ रुपये की रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड रोड का शिलान्यास
देहरादून।_______

उत्तराखंड के बुनियादी ढांचे को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल्द ही 6200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड कॉरिडोर का शिलान्यास करेंगे। यह महत्वाकांक्षी परियोजना राज्य के शहरी विकास और यातायात व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाने वाली साबित होगी।
प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर लगभग 26 किलोमीटर लंबा होगा, जिसमें रिस्पना नदी पर 12 किलोमीटर और बिंदाल नदी पर 14 किलोमीटर लंबा चार लेन का मार्ग विकसित किया जाएगा। यह कॉरिडोर कारगी से शुरू होकर ब्राह्मणवाला, निरंजनपुर, विजयपुर और जाखन होते हुए मसूरी रोड के मालसी क्षेत्र तक पहुंचेगा। पूरे मार्ग को 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति के अनुरूप डिजाइन किया गया है, जिससे शहर के भीतर आधे घंटे का सफर घटकर मात्र 10 से 12 मिनट में पूरा हो सकेगा।
परियोजना के पूर्ण होने के बाद घंटाघर, बल्लूपुर, राजपुर रोड, सहारनपुर रोड और आईएसबीटी जैसे प्रमुख क्षेत्रों में ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा। तेजी से बढ़ते वाहनों और सीमित सड़क क्षमता के चलते उत्पन्न समस्याओं से जूझ रहे देहरादूनवासियों के लिए यह परियोजना बड़ी राहत लेकर आएगी। इससे हजारों यात्रियों को रोजाना तेज, सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिलेगा।
यह परियोजना भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के माध्यम से विकसित की जा रही है। शिलान्यास के बाद भूमि सत्यापन, पुनर्वास और निर्माण कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा। प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की लगातार समीक्षा की जा रही है।
प्रधानमंत्री इस अवसर पर केवल इस एलिवेटेड कॉरिडोर का शिलान्यास ही नहीं करेंगे, बल्कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे और टिहरी जल विद्युत परियोजना के पंपिंग हाउस का भी लोकार्पण करेंगे। इन तीनों परियोजनाओं का एक साथ शुभारंभ उत्तराखंड के समग्र इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में नया अध्याय जोड़ेगा।
रिस्पना-बिंदाल एलिवेटेड कॉरिडोर देहरादून को स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। यह परियोजना न केवल यातायात को सुगम बनाएगी, बल्कि पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर भी सृजित करेगी। विशेष रूप से मसूरी रोड की ओर जाने वाले पर्यटकों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *