प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा की

प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर देहरादून प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने तैयारियों की समीक्षा की

देहरादून। ________प्रधानमंत्री के 14 अप्रैल 2026 को प्रस्तावित जनपद भ्रमण कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय मोड में कार्य कर रहा है। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध रूप से पूर्ण कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी सविन बंसल ने ऋषिपर्णा सभागार, कलेक्ट्रेट में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित कर विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, सफाई, चिकित्सा सुविधाएं तथा कार्यक्रम स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। जानकारी दी गई कि प्रधानमंत्री द्वारा 14 अप्रैल को गणेशपुर, सहारनपुर में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस हाईवे के लोकार्पण कार्यक्रम में सहभागिता के उपरांत सड़क मार्ग से देहरादून स्थित गढ़ीकैंट कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना प्रस्तावित है।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित मार्ग पर लोक निर्माण विभाग पुलिस विभाग के समन्वय से बैरिकेडिंग एवं सड़क की सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करे। पुलिस विभाग को सुरक्षा के सभी मानकों का कड़ाई से पालन करने तथा मार्ग एवं कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा घेरा मजबूत रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही एमडीडीए को मार्ग एवं आसपास के क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण, साफ-सफाई तथा दृश्यात्मक सुधार के कार्य शीघ्र पूर्ण करने को कहा गया।
नगर निगम को कार्यक्रम स्थल एवं सड़क मार्ग पर विशेष सफाई अभियान चलाने, मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था करने तथा आमजन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया गया कि मार्ग एवं कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त संख्या में चिकित्सा टीमें, एंबुलेंस एवं आपातकालीन चिकित्सा प्रबंधन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थल पर मंच निर्माण, वीआईपी एवं आमजन के बैठने की समुचित व्यवस्था, पार्किंग, प्रवेश एवं निकास द्वार, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा यातायात प्लान की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को निर्धारित समय सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण गुणवत्ता एवं समन्वय के साथ करे ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।
इसके अतिरिक्त मुख्य विकास अधिकारी को कार्यक्रम हेतु जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती सुनिश्चित करने तथा सभी व्यवस्थाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, अपर मुख्य नगर आयुक्त नगर निगम प्रवीण कुमार, अपर जिलाधिकारी के.के. मिश्रा, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्मार्ट सिटी लिमिटेड तीरथपाल सिंह, पुलिस अधीक्षक नगर प्रमोद कुमार, संयुक्त मजिस्ट्रेट राहुल आनंद, नगर मजिस्ट्रेट प्रत्युष सिंह, उप जिलाधिकारी हरिगिरि, अपूर्वा सिंह, कुमकुम जोशी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मनोज कुमार शर्मा, निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण विक्रम सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी के.के. अग्रवाल, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार, संभागीय परिवहन अधिकारी दीपक सैनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *