कानून व्यवस्था पर मुख्यमंत्री धामी का बड़ा एक्शन, लापरवाह अधिकारियों पर गिरी गाज
राज्य में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ नहीं होगा बर्दाश्त, अपराधियों पर सघन अभियान चलाने के डीजीपी को निर्देश

देहरादून।_________ राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट संदेश दिया है कि प्रदेश में किसी भी प्रकार की लापरवाही या आपराधिक गतिविधि को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। राजधानी में हाल ही में सामने आए घटनाक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के आदेश पर सोबन सिंह उप, आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 मसूरी तथा कुठालगेट चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अशोक कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इसे सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति का स्पष्ट संकेत माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को निर्देशित किया है कि प्रदेशभर में व्यापक चेकिंग अभियान चलाकर हुड़दंग, रोड रेज, फायरिंग और देर रात तक चलने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए हर स्तर पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने दो टूक कहा कि ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। देहरादून की घटना के बाद हुई निलंबन कार्रवाई को उन्होंने सख्त प्रशासनिक जवाबदेही का उदाहरण बताया।
उधर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सचिवालय में गृह एवं पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक कर रोड रेज और हुड़दंग की बढ़ती घटनाओं पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने देहरादून शहर और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाने, डे-नाइट पेट्रोलिंग के साथ मॉर्निंग पेट्रोलिंग को भी सशक्त करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने सप्ताहांत में बार और रेस्टोरेंट संचालन के निर्धारित समय का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने, अवैध बार संचालकों पर कठोर कार्रवाई करने तथा शहर को हुड़दंगियों का अड्डा न बनने देने के निर्देश दिए। साथ ही होम-स्टे, पीजी और किरायेदारों का सघन सत्यापन अभियान चलाने पर भी जोर दिया।
सरकार ने स्पष्ट संकेत दिए हैं कि उत्तराखंड में कानून व्यवस्था से समझौता नहीं होगा और जनता की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों पर लगातार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। ⚖️🚨
