महंत देवेंद्र दास महाराज जी ने दीप प्रज्वलित कर रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया
देहरादून

उत्तराखंड के ऐतिहासिक झंडा मेले के शुभ अवसर पर श्री महंत इंद्रेश अस्पताल ब्लड बैंक के तत्वावधान में श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा चार दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ सज्जाद गद्दीनशीन महंत श्री देवेंद्र दास महाराज जी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
रक्तदान शिविर में संगत ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पहले दिन कुल 124 यूनिट रक्तदान किया गया। पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा सहित विभिन्न स्थानों से आई संगत ने बढ़-चढ़कर रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया। इस अवसर पर महाराज जी ने सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा अपने संबोधन में रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अधिक से अधिक लोगों को इस पुनीत कार्य में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
शिविर के दौरान ब्लड बैंक की ओर से अमित चंद्रा, मोहित चावला एवं उनकी टीम ने अपनी महत्वपूर्ण सेवाएं प्रदान कीं। कार्यक्रम में श्री महाकाल सेवा समिति के संरक्षक एवं सुप्रसिद्ध कथा व्यास श्री सुभाष जोशी भी अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष रोशन राणा सहित बालकृष्ण शर्मा, गौरव जैन, विनय प्रजापति, राहुल माटा, हिमांशु कोटनाला, कृतिका राणा तथा अन्य सदस्यों ने सक्रिय रूप से अपनी सेवाएं दीं और शिविर को सफल बनाने में सहयोग किया।
