होली एवं झंडा मेला के अवसर पर पूज्य श्री महंत देवेंद्र दास महाराज जी से शिष्टाचार भेंट

देहरादून। होली एवं झंडा मेला के पावन अवसर पर श्री महाकाल सेवा समिति के मुख्य संरक्षक भागवताचार्य श्री सुभाष जोशी जी एवं समिति के अध्यक्ष रोशन राणा ने पूज्य श्री महंत देवेंद्र दास महाराज से शिष्टाचार भेंट कर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
भेंटवार्ता के दौरान धार्मिक परंपराओं, पूजा-पद्धतियों तथा सामाजिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन पर गंभीर एवं विस्तारपूर्वक चर्चा की गई। पूज्य महंत जी ने समिति द्वारा समाजहित में संचालित सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी बताया तथा समस्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अपना आशीर्वाद प्रदान किया।
अपने महत्वपूर्ण संदेश में महंत जी ने समाज में व्याप्त कुरीतियों के उन्मूलन पर बल देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह अपने से कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग की सहायता हेतु सदैव तत्पर रहे। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं का आह्वान करते हुए उन्हें व्यसन एवं कुसंगति से दूर रहकर उच्च शिक्षा अर्जित करने तथा राष्ट्र निर्माण एवं सामाजिक उत्थान में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रेरणा दी।
समिति पदाधिकारियों ने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी सेवा, संस्कार एवं सामाजिक समरसता के उद्देश्य से जनकल्याणकारी कार्य निरंतर संचालित किए जाएंगे।
