बैंक कर्मचारियों ने पाँच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर किया प्रदर्शन

देहरादून______ 27 दिसंबर 2025 – यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आह्वान पर देश भर के बैंकों में पाँच दिवसीय कार्य सप्ताह की मांग को लेकर दूसरा प्रदर्शन किया गया। देहरादून में पंजाब नेशनल बैंक एस्ट्रेबल के सामने आयोजित इस प्रदर्शन में सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंकों के कर्मचारियों और अधिकारियों ने एकजुट हो कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व कॉमरेड इंद्र सिंह रावत जी ने किया, जिसमें लगभग 300 से अधिक बैंक कर्मचारियों ने भाग लिया। प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने सरकार और वित्त मंत्रालय के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पाँच दिवसीय कार्य सप्ताह को शीघ्र लागू करने की अपील की।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के संयोजक श्री रावत जी ने कहा कि यह प्रमुख मांग लंबे समय से केंद्र सरकार के पास लंबित है, जो कि मार्च 2024 में हस्ताक्षरित वेतन समझौता के संयुक्त नोट में स्पष्ट रूप से स्वीकार की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि बैंक कर्मचारियों पर बढ़ते कार्य दबाव के चलते पाँच दिवसीय कार्य सप्ताह बहुत ही जरूरी है।
बैंक कर्मचारियों का कहना है कि दो साल होने को हैं, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई भी ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे कि पूरे देश भर के बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों में गहरा रोष है। संयोजक श्री इंद्र सिंह रावत जी ने बताया कि यदि सरकार अभी भी हमारी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो 5 जनवरी 2026 को पूरे देश में प्रदेश की राजधानी में धरना के साथ-साथ आगे हड़ताल पर विचार किया जाएगा।
आज के प्रदर्शन में कॉमरेड हेमंत मल्होत्रा स्टेट सेक्रेटरी (एआईबीओसी), कॉमरेड नेनसिंह राणा, अनिल जैन, चंद्रकांत जोशी, कॉमरेड सी के जोशी, राजन पुंडीर, अनिल बिष्ट, भूपेंद्र रावत, विजय शर्मा, गरिमा शर्मा, आकांक्षा गोड़ सहित सभी घटकों के सदस्य उपस्थित रहे।
