चंदोला मेडिकल कॉलेज के वार्षिकोत्सव का रंगारंग आगाज

रुद्रपुर______4 दिसंबर 2025 – चंदोला होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल तथा वसुंधरा नर्सिंग एंड पैरामेडिकल कॉलेज के दो दिवसीय वार्षिकोत्सव का रंगारंग आगाज़ गुरूवार शाम धूमधड़ाके के साथ हुआ। कॉलेज परिसर को आकर्षक लाइटों, रंग-बिरंगे पंडालों और भव्य मंच सज्जा से उत्सवमय बना दिया गया।******मुख्य अतिथि विधायक शिव अरोरा, कॉलेज के एमडी डॉ. केसी चंदौला सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद वार्षिकोत्सव की औपचारिक शुरुआत हुई और मंच से कला, संस्कृति और युवा प्रतिभाओं की शानदार प्रस्तुति का सिलसिला देर रात तक चलता रहा।*******मशहूर कुमाऊँनी कलाकार श्वेता मेहरा ने अन्य कलाकारों के साथ अपनी जोरदार प्रस्तुतियों से समां बाँध दिया। उन्होंने गढ़वाली, हरियाणवी, राजस्थानी और भोजपुरी गीतों पर भी अन्य कलाकारों के साथ धमाकेदार प्रस्तुति देकर मन मोह लिया।******विधायक शिव अरोरा ने कॉलेज परिवार को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चंदोला होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज और वसुंधरा नर्सिंग कॉलेज ने बीते वर्षों में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में जो उपलब्धियाँ हासिल की हैं, वे प्रशंसनीय हैं। स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त बनाने में इस संस्थान का योगदान महत्वपूर्ण है।******कॉलेज के एमडी डॉ. केसी चंदौला ने वार्षिकोत्सव में उपस्थित अतिथियों, अभिभावकों और विद्यार्थियों का आभार जताते हुए कहा कि हमारा संकल्प है कि यहाँ से निकलने वाले प्रत्येक छात्र को न सिर्फ चिकित्सा विज्ञान का ज्ञान मिले, बल्कि वह सेवा, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों से भी परिपूर्ण हो।*******वार्षिकोत्सव के दौरान कॉलेज के एमडी डॉ. केसी चंदौला और उनकी धर्मपत्नी की विवाह वर्षगांठ भी मनाई गई। मंच पर केक काटा गया और उपस्थित सभी अतिथियों ने दंपत्ति को शुभकामनाएँ देते हुए आगामी जीवन के लिए मंगलकामनाएँ दीं।
