नमामि गंगे प्रोजेक्ट चमोली दुर्घटना में दरोगा समेत 17 की जान गई

BHVN @…………चमोली में बड़ी दुर्घटना, नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर फैला करंट, दरोगा समेत 17 की मौत, कई झुलसे
उत्तराखंड के चमोली में बड़ी दुर्घटना हुई है। चमोली में नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर करंट फैल गया है। करंट फैलने से 17 लोगों की मौत हो गई है जबकि कई लोग झुलसे हुए हैं। मरने वालों की संख्या में वृद्धि हो सकती है
चमोली 18 जुलाई। उत्तराखंड के चमोली में बुधवार सुबह बड़ी दुर्घटना हुई है। चमोली बाजार के पास नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर अचानक करंट फैल गया। दर्दनाक दुर्घटना में 17 लोगों की मौत हो गई है। कई लोग बुरी तरह झुलसे हैं। दुर्घटना में पीपलकोटी पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप रावत और होमगार्ड मुकंदीलाल भी शामिल हैं। चमोली आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने बताया कि अब तक 17 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। वहीं छह लोग झुलसे हैं। दुर्घटना में मरने वालों की संख्या में वृद्धि हो सकती है। स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर धन सिंह रावत के बाद अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी चमोली पहुंचे हैं।
जानकारी के अनुसार, चमोली में नमामि गंगे प्रोजेक्ट की साइट पर काम चल रहा है। बुधवार को जिस समय दुर्घटना हुई, उस वक्त साइट पर 24 लोग मौजूद थे, झुलसे 17 लोगों की मौत हुई है।

मीटर के तारों से फैला करंट

चमोली के ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता अमित सक्सेना ने बताया कि बीती रात को बिजली का तीसरा फेस डाउन हो गया था। बुधवार को सुबह तीसरे फेज को जोड़ा गया, जिसके बाद सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट परिसर में करंट दौड़ गया। ट्रांसफार्मर से लेकर मीटर तक कहीं एलटी और एसटी के तार नहीं टूटे हैं, मीटर के बाद तारों में करंट दौड़ा है।
ऐसे हुई दुर्घटना

प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि रात में यहां रहने वाले केयर टेकर का सुबह फोन नहीं लग रहा था। तब परिजनों ने साइट पर आकर खोजबीन की। तब सामने आया कि केयर टेकर की करंट लगने से मौत हुई है। सूचना मिलते ही परिजनों के साथ कई ग्रामीण भी साइट पर पहुंच गए। जब वह यहां पहुंचे तो पुलिस मामले की जांच कर रही थी। इस दौरान वहां दोबारा से करंट फैल गया जिसकी चपेट में कई लोग आ गए।

मुख्यमंत्री धामी ने दिए जांच के आदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने करंट से लोगों की मौत के मामले में मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। साथ ही अधिकारियों को घटना की विस्तृत और गहन जांच के भी निर्देश दिए। उन्होंने जिलाधिकारी चमोली से घटना की जानकारी ली।

झुलसे लोगों को हायर सेंटर भेजने के लिए हेलिकॉप्टर भेजा गया

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि झुलसे लोगों को देहरादून लाया गया है। उनके इलाज में कोई कमी नहीं होगी। उनके लिए हेलिकॉप्टर भेजा था। गंभीर रूप से झुलसे जल संस्थान के जेई संदीप मेहरा और सुशील कुमार को हेलिकॉप्टर से एम्स ऋषिकेश भेजा गया है।
मृतकों की सूची
1-उप निरीक्षक प्रदीप रावत चौकी पीपलकोटी।
2- होमगार्ड मुकंदे राम (पुत्र श्यामदास निवासी हरमानी चमोली उम्र 55)
3- होमगार्ड गोपाल (पुत्र माधव सिंह निवासी ग्राम रूपा चमोली उम्र 57 वर्ष)
4- होमगार्ड सोबत लाल (निवासी ग्राम पाडुली)
5-सुमित (पुत्र स्वर्गीय चंद्र सिंह अस्वाल निवासी ग्राम रांगतोली चमोली उम्र 25 वर्ष)
6- सुरेंद्र (पुत्र विजय लाल निवासी हरमानी चमोली उम्र उम्र 33)
7- देवी लाल (पुत्र असील दास निवासी हर्मनी उम्र 45 वर्ष)
8- योगेंद्र सिंह (पुत्र महिपाल सिंह निवासी हर्मनी)
9- सुरेंद्र सिंह रावत (पुत्र स्वर्गीय गोपाल सिंह निवासी हर्मनी उम्र 38 वर्ष)
10- विपिन (पुत्र सोबत निवासी पाटोली गोपेश्वर उम्र 26 वर्ष)
11- मनोज कुमार (निवासी हर्मनी उम्र 38 वर्ष)
12- सुखदेव (पुत्र एलम दास ग्राम रंगतोली चमोली उम्र 33 वर्ष)
13- प्रमोद कुमार (पुत्र सुदामा लाल निवासी हर्मनी)
14- दीपू कुमार (पुत्र महेंद्र लाल निवासी हर्मनी उम्र 33)
15- महिपाल (पुत्र दुर्लप सिंह निवासी ग्राम रंगतोली उम्र 60 वर्ष)