विज्ञान में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण एसआरएचयू में मनाया विज्ञान में लड़कियाँ और महिलाएँ का अंतर्राष्ट्रीय दिवस

विज्ञान में महिलाओं की भूमिका महत्वपूर्ण
एसआरएचयू में मनाया विज्ञान में लड़कियाँ और महिलाएँ का अंतर्राष्ट्रीय दिवस
डोईवाला…………..स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय जौलीग्रांट में विज्ञान में लड़कियाँ और महिलाएँ का अंतर्राष्ट्रीय दिवस मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में विज्ञान और प्रौद्योगिकी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली महिलाओं को याद किया गया।।
सोमवार को आदि कैलाश सभागार में रिसर्च एवं डेवलपमेंट सेल की ओर से आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन डॉ. स्वामी राम के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्जवलित कर किया गया। मुख्य अतिथि स्वामी राम हिमालयन विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. राजेन्द्र डोभाल ने कहा कि विज्ञान में महिलाओं और लड़कियों का अंतर्राष्ट्रीय दिवस, यूनेस्को और संयुक्त राष्ट्र-महिला द्वारा सहयोग संस्थानों और नागरिक समाज भागीदारों द्वारा कार्यान्वित किया जाता है। जिसका उद्देश्य विज्ञान में महिलाओं और लड़कियों को बढ़ावा देना है। यह दिवस महिलाओं और लड़कियों के लिए विज्ञान तक पूर्ण और समान पहुंच और भागीदारी को बढ़ावा देने का एक अवसर है। विशिष्ट अतिथि ऋषिकेश एम्स की निदेशक एवं सीईओ डॉ. मीनू सिंह ने कहा कि विज्ञान में महिलाओं की उपस्थिति विज्ञान के इतिहास के शुरुआती दौर तक फैली हुई है जिसमें उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। अनुसंधान में विविधता प्रतिभाशाली शोधकर्ताओं के पूल का विस्तार करती है, जिससे नए दृष्टिकोण, प्रतिभा और रचनात्मकता सामने आती है। यह दिवस एक अनुस्मारक है कि महिलाएं और लड़कियां विज्ञान और प्रौद्योगिकी समुदायों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और उनकी भागीदारी को मजबूत किया जाना चाहिए। निदेशक रिसर्च सेल डॉ. बिन्दू डे ने इस दिन को मनाये जाने के बारे में जानकारी देते हुए उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत किया। नर्सिंग एडवाइजर डॉ. कैथी ने कहा कि भारत में कार्यरत नर्सों में 80 प्रतिशत महिलाएं है जो कि दर्शाता है कि महिलाएं तेजी से आगे बढ़ रही है। कार्यक्रम में योग विज्ञान की छात्राओं ने विभिन्न आसनों का प्रदर्शन कर उनके लाभ के बारे में जानकारी दी। इंजीनियरिंग की छात्राओं ने राजस्थानी नृत्य की प्रस्तुति दी। डॉ. पुरांधी रूपमणि ने सभी धन्यवाद दिया। इस अवसर रजिस्ट्रार डॉ. मुकेश बिजल्वाण, डॉ. सुनील सैनी आदि उपस्थित थे।