पूर्व मंत्री के बेटे पर लगा महिला से दुष्कर्म का आरोप, केस दर्ज

देहरादून#BHVN

उत्तराखंड जन एकता पार्टी के नेता दिनेश धनै के बेटे कनक धनै पर दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगाया है। पीडि़ता की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में जल्द ही पीडि़त के मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराएगी। बताते चलें कि ऋषिकेश के रायवाला थाने में इस संबंध में केस दर्ज हुआ है।
आरोपी कनक धनै के खिलाफ देहरादून निवासी 30 वर्षीय शादीशुदा महिला ने लिखित शिकायत दी है। जिसमें महिला ने बताया कि वह कनक धनै से सोशल नेटवर्किंग साइट इंस्टाग्राम के जरिए मिली थी। अप्रैल 2021 में कनक ने उसे मिलने के लिए बुलाया। इस दौरान डरा-धमकाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने महिला का नंबर ब्लॉक कर दिया। अपने साथ हुई घटना से महिला डिप्रेशन का शिकार हो गई कि उसने सुसाइड की भी कोशिश की। महिला के बताये अनुसार बीती 13 जनवरी को वह छिद्दरवाला में कनक धनै से मिली थी। इस दौरान आरोपी कनक धनै ने उसके साथ मारपीट करने के साथ उसे जान से मारने की धमकी दी। जिसके बाद पीडि़त महिला शिकायत लेकर थाने पहुंची। थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप पंत ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए कनक धनै के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में दुष्कर्म-मारपीट का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है।