चंपावत विधानसभा उपचुनाव में प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चुनाव मैदान में उतरने के कारण मंगलवार को मतदान को लेकर क्षेत्र की जनता में जबरदस्त उत्साह का माहौल देखा गया। मंगलवार सुबह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, अपनी पत्नी श्रीमती गीता धामी व पूर्व विधायक कैलाश गहतोड़ी आदि के साथ विभिन्न पोलिंग बूथों पर मतदाताओं से वोट देने की अपील करने के साथ क्षेत्र की जनता, भाजपा कार्यकर्ताओं से भी मिले। चंपावत विधानसभा क्षेत्र में 151 पोलिंग बूथ के बाहर भाजपा कार्यकर्ताओं का हुजूम देखा गया। जबकि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के लगे अधिकांश बूथों पर सन्नाटा पसरा रहा।
चंपावत विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न बूथों पर सुबह से ही मतदान स्थल परिसर में मतदान करने को लेकर आम मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया। खासकर युवाओं व महिलाओं में मतदान को लेकर भारी क्रेज रहा। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चंपावत सीट से प्रत्याशी होने के कारण आम जनता ने भी खुलकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया। चंपावत विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के कार्यकर्ता मतदान स्थल के बाहर सभी बूथों पर आम मतदाताओं से भाजपा प्रत्याशी श्री पुष्कर सिंह धामी जी के पक्ष में मतदान की अपील करते नजर आए। चंपावत विधानसभा क्षेत्र में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के सामने कांग्रेस प्रत्याशी व कार्यकर्ता नतमस्तक दिखाई दिए। चंपावत विधानसभा क्षेत्र की जनता ने विकास के नाम पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।




